Ranchi:औद्योगिक ईंधन आपूर्ति के नाम पर 24.50 लाख की ठगी, केस दर्ज
राँची।औद्योगिक ईंधन की आपूर्ति के नाम पर 24 लाख 50 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। धुर्वा सेक्टर-3 निवासी अंकित राज ने इस संबंध में धुर्वा थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी प्रोपराइटरशिप फर्म एसकेएस इंटरप्राइजेज कोयला परिवहन का कार्य करती है। हजारीबाग के केरेडारी निवासी रवि गुप्ता के माध्यम से उनकी पहचान माधव प्रधान और वासु सचिन नामक व्यक्तियों से हुई, जिन्होंने औद्योगिक ईंधन 81 रुपये प्रति लीटर की दर से आपूर्ति करने का प्रस्ताव दिया। सौदे के तहत अग्रिम भुगतान की शर्त रखी गई। आरोप है कि पूर्व में एक छोटा सौदा पूरा कर विश्वास जीतने के बाद 10 और 11 नवंबर 2025 को कुल 24 लाख 50 हजार रुपये आरटीजीएस के माध्यम से साधना पेट्रोकेम नामक खाते में जमा कराए गए। भुगतान के बाद आरोपियों ने न तो ईंधन की आपूर्ति की और न ही राशि लौटाई। शिकायतकर्ता के अनुसार बाद में फोन और व्हाट्सएप पर भी जवाब देना बंद कर दिया गया तथा और पैसे भेजने का दबाव बनाया गया। पीड़ित ने इसे सुनियोजित आर्थिक धोखाधड़ी बताते हुए आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई और राशि की वसूली की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

