Ranchi:नौकरी दिलाने के नाम पर 4.40 लाख की ठगी, तीन के खिलाफ केस दर्ज
राँची। बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4 लाख 40 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में डोरंडा थाना में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह प्राथमिकी डुमरदगा निवासी सुकरा महतो के आवेदन पर दर्ज हुई। डोरंडा थाना में बीएनएस की धारा 323, 406, 420, 504, 506 और 34 के तहत दमड़ी यादव, ललन यादव (दोनों पिता—मंगल यादव) तथा अमित कुमार यादव (पिता-विद्यानंद यादव, स्थायी पता-गोपालगंज, बिहार; वर्तमान पता-हुगली, पश्चिम बंगाल) को नामजद आरोपी बनाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार वे होटल युवराज में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं और परिचय के आधार पर आरोपियों ने उनके पुत्र को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके एवज में वर्ष 2019 से 2020 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 4.40 लाख रुपये ले लिए गए, लेकिन नौकरी नहीं दिलाई गई। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल की और गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई कर राशि वापस दिलाने की मांग की है।

