Ranchi:आर्मी जवान की संदिग्ध मौत, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका,केस दर्ज
राँची। राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र में आर्मी जवान के मिले शव को लेकर मामला अब और गंभीर हो गया है। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके पति की हत्या कर शव को रस्सी से लटकाकर आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की गई। इस संबंध में उन्होंने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दिए गए आवेदन में बताया गया है कि उनके पति अमन कुमार (26 वर्ष) भारतीय सेना में कार्यरत थे। 8 मार्च की शाम करीब चार बजे वह घर से मोटरसाइकिल लेकर समोसा खरीदने की बात कहकर निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क किया, तब उन्होंने बताया कि समोसा ले लिया है और जल्द घर पहुंच रहे हैं।
इसके बाद कई बार फोन करने पर मोबाइल की घंटी बजती रही, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। रात करीब 11 बजे तक फोन चालू रहा, इसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। परिजन पूरी रात उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
अगली सुबह जब परिजन सन्हा दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि धुर्वा गोलचक्कर के पास एक युवक का शव बरामद हुआ है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि एचएमटीपी साइकिल स्टैंड के शेड के चैनल में रस्सी के सहारे एक शव लटका हुआ है। परिजनों ने उसकी पहचान अमन कुमार के रूप में की।
मृतक की पत्नी का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने उनके पति की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

