रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट मामला….एसपी ने चार पुलिसकर्मियों को किया निलंबित,खुद जांच करने पहुँचे मंदिर…

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ रजरप्पा मंदिर परिसर में श्रद्धालु के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों गाज गिरी है। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मी श्याम लाल महतो,राधेश्याम कुजूर,बहादुर उरांव, जॉनसन सुरीन और एक होमगार्ड जवान को निलंबित कर दिया।वहीं दूसरी तरफ एसपी खुद पूरे मामले का जांच करने मंदिर परिसर पहुंचे।घटना रजरप्पा मंदिर के निकास द्वार की है।घटना से जुड़ा वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।मामले को गंभीरता को समझते हुए रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने चार जैप जवान और एक गृह रक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मंदिर परिसर में अब दूसरे जवानों को तैनात किया गया है और उन्हें हिदायत दी गई है कि श्रद्धालुओं से किसी प्रकार की बदतमीजी न हो।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदिर में पूजा-अर्चना करने आए एक श्रद्धालु ने निकास द्वार से भीतर प्रवेश करने की कोशिश की।वहां तैनात सुरक्षा बलों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुरक्षाकर्मियों ने अपना आपा खो दिया और श्रद्धालु के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।मारपीट की यह घटना पास खड़े किसी व्यक्ति ने कैमरे में कैद कर ली, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे और जनता के बीच विभाग की छवि धूमिल हुई।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तुरंत संज्ञान लिया,और मामले का जांच करने का आदेश दिया। रामगढ़ एसपी अजय कुमार खुद मंदिर पहुँचे और पूरी घटना की जानकारी ली।उसके बाद एसपी ने यह कार्रवाई की है।

इस पूरी घटना के सम्बंध में रामगढ़ पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कल दिनांक-08.03.2026 (दिन रविवार) को रजरप्पा मंदिर में अप्रत्याशित भीड़ थी, जिस कारण मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार को खोलकर अन्य सभी द्वार को बंद किया गया था एवं सभी द्वार पर सुबह 06:00 बजे से जैप-04 के जवानों एवं स०अ०नि० प्रकाश चन्द्र मुर्मू,रजरप्पा थाना की प्रतिनियुक्ति की गई थी ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सकें। समय लगभग 01:30 से 02:00 बजे के बीच निकास द्वार से एक बुजुर्ग को मानवीय अधार पर प्रवेश करने दिया गया। इसी क्रम में जमशेदपुर से आये श्रद्धालुगण जबरदस्ती निकास द्वार से ही प्रवेश करने का प्रयास करने लगे, जिन्हें निकास द्वार पर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी स०अ०नि० प्रकाश चन्द्र मुर्मू, रजरप्पा थाना एवं जैप-04 के जवानों के द्वारा उन्हें जानकारी देते हुये बताया गया कि निकास द्वार से प्रवेश निषेध है। इस पर जमशेदपुर से आये श्रद्धालुगण नाराजगी व्यक्त करते हुए पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को अपशब्द बोलने लगे,जिसपर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी स०अ०नि० प्रकाश चन्द्र मुर्मू के द्वारा उन्हें अपशब्द नहीं बोलने के संबंध में मना किया गया, तो वे और उग्र हो गये और पुलिस पदाधिकारी स०अ०नि० प्रकाश चन्द्र मुर्मू के कंधे पर लगा स्टार को नोच दिये और गर्दन भी पकड़ लिये, इसी क्रम में प्रतिनियुक्त जैप-04 के पुलिस कर्मियों के द्वारा श्रद्धालुगणों के साथ हाथा-पाई की घटना घटित हुई।

घटना की सूचना मिलने पर अजय कुमार (भा०पु०से०), पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के द्वारा स्वयं संज्ञान लेते हुये घटना स्थल पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी लिया गया तथा रजरप्पा थाना एवं रजरप्पा मंदिर ओ०पी० में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों को ब्रीफ किया गया कि श्रद्धालुओं के साथ किसी भी तरह का अमानवीय एवं अभद्र व्यवहार नहीं करना। इस तरह की सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी/कर्मियों के विरूद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जायेगी।

पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के द्वारा घटना से संबंधित सोशल मीडिया में चल रहे विडियों एवं घटना के संबंध में विस्तृत जाँच कर जाँच प्रतिवेदन समर्पित करने हेतु गोपनीय कार्यालय का ज्ञापांक-1190/गो०, दिनांक-09.03.2026 के द्वारा पुलिस उपाधीक्षक (मु०), रामगढ़-सह-अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, रामगढ़ को निर्देशित किया गया। पुलिस उपाधीक्षक (मु०), रामगढ़-सह-अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, रामगढ़ द्वारा अपने कार्यालय ज्ञापांक-37/2025, दिनांक-09.03.2026 के माध्यम् से विस्तृत जाँच कर जॉच प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ को समर्पित किया गया।

जाँच के क्रम में यह बात प्रकाश में आई है कि रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने आये श्रद्धालु के द्वारा मंदिर के निकास द्वार से प्रवेश करने का प्रयास किये जाने के क्रम में निकास द्वार में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी स०अ०नि० प्रकाश चन्द्र मुर्मू, रजरप्पा थाना को अपशब्द बोलते हुए कंधे पर लगा स्टार को नोच दिये और गर्दन भी पकड़ लिये, जिसके उपरांत आ0-228 श्याम लाल महतो, आ0-69 राधेश्याम कुजूर, आ0-686 बहादुर उराँव, आ0-384 जॉनसन सुरीन सभी आरक्षी सैट-112, कैम्प-रजरप्पा, झारखण्ड सशस्त्र पुलिस-04, बोकारो एवं गृहरक्षक सं0-064 सिकन्दर यादव के द्वारा निकास द्वार से प्रवेश करने वाले श्रद्धालु के साथ हाथापाई की घटना कारित की गई।

उक्त घटित घटना में शामिल आ0-228 श्याम लाल महतो, आ0-69 राधेश्याम कुजूर, आ0-686 बहादुर उराँव, आ0-384 जॉनसन सुरीन सभी आरक्षी सैट-112, कैम्प रजरप्पा, झारखण्ड सशस्त्र पुलिस-04, बोकारो को तत्काल प्रभाव से “सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया गया है एवं गृहरक्षक सं0-0064 सिकन्दर यादव को उनके कार्य से विमुक्त किया गया है।

रामगढ़:माँ छिन्नमस्तिके मंदिर में श्रद्धालु के साथ पुलिस कर्मियों ने की मारपीट, वीडियो वायरल,एसपी ने कहा वीडियो की जांच के बाद होगी कार्रवाई..

error: Content is protected !!