रेलवे तकनीशियन की घर पर बल्ब लगाने दौरान करंट लगने से मौत
जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम कृष्णा नगर में शुक्रवार को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई। सीतारामपुर रेलवे के सिग्नल एंड टेलीकॉम विभाग में तकनीशियन के पद पर कार्यरत 50 वर्षीय नंद किशोर महतो की विद्युत स्पर्शाघात से मृत्यु हो गई।घटना उस समय हुई, जब नंद किशोर अपने घर में टाइल्स का काम करवा रहे थे। बल्ब लगाते समय उन्हें करंट लग गया। पत्नी रूबी देवी ने तुरंत उन्हें चित्तरंजन के कस्तूरबा गांधी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।नंद किशोर मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा 7 और 5 साल के दो बच्चे हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए आसनसोल भेज दिया।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।आसनसोल रेल मंडल के सीतारामपुर आईओडब्ल्यू में कार्यरत नंद किशोर अपने मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके सहकर्मी और मित्र शोक में डूबे हैं।

