चाईबासा में सड़क निर्माण कंपनी के साइट पर आगजनी और फायरिंग,राहुल सिंह गैंग ने ली जिम्मेदारी
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के रोबोकेरा गांव में सड़क निर्माण कार्य कर रही वैष्णवी कंपनी के साइट आगजनी और गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। घटना के बाद काम पूरी तरह ठप हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार देर रात कुछ हथियारबंद लोग निर्माण स्थल पर पहुंचे। पहले फायरिंग की गई, जिससे वहां मौजूद मजदूर और कर्मी जान बचाकर भाग निकले। इसके बाद मशीनों और निर्माण सामग्री में आग लगा दी गई। आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। अग्निशमन दल की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
इस घटना की जिम्मेदारी राहुल सिंह गैंग ने सोशल मीडिया में प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से ली है।संगठन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि रोबोकेरा गांव में हुई आगजनी और गोलीबारी की घटना के पीछे उन्हीं का हाथ है।विज्ञप्ति में वैष्णवी कंपनी के संचालक नीरज सिंह को सीधे तौर पर निशाना बनाते हुए इस हमले को अंतिम चेतावनी बताया गया है।
गैंग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह हमला केवल चेतावनी के तौर पर किया गया है, ताकि निर्माण कार्य को उनके अनुसार “मैनेज” किया जा सके।इस बार सिर्फ मशीनों और कार्यस्थल को नुकसान पहुंचाया गया है।संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी शर्तों को नहीं माना गया, तो अगला निशाना स्वयं कंपनी के मालिक होंगे।घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल से कुछ सबूत जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही निर्माण कंपनियों को सुरक्षा के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

