थाना से कुछ ही दूरी पर स्वर्ण व्यवसायी से 50 लाख रुपये की लूट,जांच में जुटी है पुलिस..
जमुई। बिहार के जमुई में शुक्रवार की रात को सात हथियारबंद अपराधियों ने थोक सोना व्यवसायी से करीब 50 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। यह घटना जमुई–मलयपुर मुख्य मार्ग स्थित आंजन नदी पुल के पास की है। अपराधियों ने मलयपुर थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर इस घटना को अंजाम दिया है। लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने व्यवसायी के सिर पर हथियार के वट से हमला कर उन्हें जख्मी दिया और वहां से फरार हो गए। जख्मी सोना व्यवसायी की पहचान शहर के पुरानी बाजार निवासी विक्रम उर्फ विक्की सोनी के रूप में हुई है। विक्रम सोनी सोना-चांदी का थोक स्तर पर कारोबार करता है।
यह घटना शुक्रवार की देर रात की है। एसपी विश्वजीत दयाल ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि व्यवसायी जमुई से कोलकाता के लिए जा रहे थे। स्टेशन आने के क्रम में अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है, कुछ सुराग मिलें है उसके आधार पर हम लोग आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।पुलिस को आशंका है कि किसी ने व्यवसायी के कोलकाता जाने की सूचना अपराधियों तक पहुँचा दी। इसी कारण बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका पीछा कर आंजन पुल के ठीक पहले ओवरटेक कर हथियार के बल पर पहले रोका और रुपये से भरा बैग छीनने का प्रयास करने लगे।व्यवसायी का इसका विरोध करने पर बदमाशों ने उनपर हथियार के बट से प्रहार कर जख्मी दिया, इसके बाद पैसा से भरा बैग लेकर फरार हो गए। अपराधियों के हमले से व्यवसायी का सिर फट गया और वो बुरी तरह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। जख्मी व्यवसायी ने किसी तरह इसकी सूचना मलयपुर थाना को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल व्यवसायी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भर्ती कराया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
वहीं,घायल व्यवसायी ने बताया कि वह हमेशा कैश लेकर कोलकाता से सोने व चांदी के आभूषण लाते थे। सभी दुकानदारों का ऑर्डर लेकर वह कैश के साथ कोलकाता जाते थे। हमेशा की तरह शुक्रवार की रात भी वह अपनी बाइक से जमुई रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उनके बैग में करीब 50 लाख रुपये कैश भी था। इसी दौरान पीछे से दो बाइक पर सवार बदमाश पीछा करते हुए उनकी बाइक रुकवाने लगे। उन्होंने बाइक नहीं रोकी, लेकिन तभी आंजन नदी के पुल के पास एक ऑटो सामने आ गया, जिससे बाइक रोकनी पड़ी। इसके बाद बदमाशों ने पिस्टल के बट से सिर पर हमला कर 50 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया गया। इसके बाद सभी बदमाश जमुई की ओर फरार हो गए।
इस पूरी घटना पर एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि घटना की जानकारी पीड़ित व्यवसायी से ली गई है। गश्ती वाहन घटनास्थल से कुछ दूरी पर पतौना की ओर थी। अंधेरी रात और सुनसान जगह होने की वजह से बदमाशों द्वारा बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। घटना में दो बाइक और एक आटो के शामिल होने की जानकारी मिल रही है। चारों ओर वाहन जांच और पुलिस गश्ती लगा दी गई है। जल्द ही बदमाशों का पर्दाफाश कर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की जाएगी।

