लावारिस जाइलो कार से 46.20 लाख कैश बरामद…जांच में जुटी है पुलिस..

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध कार से 46 लाख 19 हजार 900 रुपए बरामद किया गया है।पुलिस को जाइलो कार लावारिस हालत में मिली है, जिसके अंदर एक झोला में सभी रुपए रखे गए थे।एसपी को मंगलवार की रात पांकी के इलाके में एक संदिग्ध कार की जानकारी मिली थी। जानकारी मिलने के बाद पांकी के थाना प्रभारी राजेश रंजन के नेतृत्व में एक सर्च अभियान शुरू किया गया था। सर्च अभियान के क्रम में पुलिस पांकी-डालटनगंज रोड पर तेतराई बलियारी मोड़ पर पहुंची तो देखा एक लाल रंग की कार लावारिस हालत में खड़ी है। कार के अंदर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं है, काफी देर तक पुलिस कार मलिक की खोजबीन करती रही लेकिन कोई भी व्यक्ति कार के पास नहीं पहुंचा।

पुलिस कार को लेकर पांकी थाना चली गई थी।आज बुधवार को पांकी थाना परिसर में दंडाधिकारी की मौजूदगी में कार को खोला गया तो सीट के अंदर से एक झोला बरामद हुआ। झोला के अंदर प्लास्टिक में लपेटकर नोटों की गड्डी रखी हुई थी।कार से 46 लाख 19 हजार रुपए बरामद हुए। 500-500 रुपये 8576, 200 का 509, 100 का 301 नोट बरामद हुआ है।

बरामद पैसा नक्सलियों को लेवी के रूप में दिया जाना था या अफीम के कारोबार से जुड़ा हुआ था पुलिस इसकी जांच कर रही है। पांकी के थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि पैसा कार के अंदर एक झोला में रखा हुआ था।गाड़ी के नंबर से पुलिस को जानकारी मिली है कि इसका मालिक छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। पुलिस पूरे मामले में सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।

error: Content is protected !!