गिरिहीह:पुल के नीचे मिला बालक का शव, जांच में जुटी है पुलिस

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिहीह जिले के नवडीहा ओपी क्षेत्र अंतर्गत दलागी पुल के नीचे जमीन के 4 फीट अंदर से एक बालक का शव बरामद किया गया है।मृत बालक की उम्र लगभग सात साल बतायी जा रही है।हालांकि अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रविवार की सुबह क्षेत्र में यह शोर हुआ कि दलागी पुल के नीचे किसी का शव दफन है।जहां शव दफनाया गया है उसके ऊपर पत्थर भी रख दिया गया है।इस शोर के बाद लोगों की भीड़ पुल के ऊपर और नीचे उमड़ पड़ी। लोगों ने मामले की सूचना नवडीहा ओपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नवडीहा ओपी प्रभारी दीपक कुमार और जमुआ थाना प्रभारी मणिकांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला।

पुलिस की पूछताछ में यह पता चला कि गांव के कुछ लोग सुबह शौच के लिए नदी किनारे गए थे। इस दौरान ग्रामीणों ने देखा कि पुल के नीचे मौजूद बड़े पत्थरों के पास कई कुत्ते मंडरा रहे हैं और बदबू भी आ रही है इसके बाद ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।जिसके बाद क्षेत्र के लोगों को मामले की जानकारी मिली।

इस सम्बंध में खोरीमहुआ एसडीपीओ ने बताया कि दलागी पुल के नीचे बालक का शव मिला है। मृत बालक की उम्र लगभग 7 वर्ष के आसपास है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।यह पता लगाया जा रहा है कि यह बच्चा किसके घर का था और किस परिस्थिति में उसे जमीन के अंदर दफनाया गया था।पूरे मामले की जांच हो रही है और जल्द ही यह खुलासा हो जाएगा कि बच्चे की मौत सामान्य थी या उसके साथ कुछ गलत हुआ था।

नवडीहा ओपी पुलिस और जमुआ थाना पुलिस ने मृत बालक के शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक कुछ पता नहीं चला है। ऐसे में पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

error: Content is protected !!