लातेहार के टोरी कोल साइडिंग के पास अपराधियों ने की आगजनी और फायरिंग, हाइवा में लगाई आग,जांच में जुटी है पुलिस

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोरी कोल साइडिंग के पास अपराधियों ने रंगदारी वसूलने के लिए एक हाइवा में आग लगा दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।बताया जा रहा है कि बुधवार की देर रात आधा दर्जन से ज्यादा अपराधी टोरी कोल साइडिंग के पास पहुंचे और कोयला गिराने के बाद साइडिंग से थोड़ी दूर खड़े एक हाइवा को रोककर उसमें आग लगा दी।घटना के बाद अपराधियों ने गोलीबारी भी की और मौके से फरार हो गए।

इधर घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। इस दौरान पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और छापेमारी भी की।हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपराधी वहां से फरार हो चुके थे।वहीं, डीआईजी नौशाद आलम ने कहा कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इस घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है।इधर, डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि इस घटना के पीछे राहुल दुबे गैंग का हाथ है।

बता दें कि तीन दिन पहले भी अपराधियों ने बरियातू थाना क्षेत्र के फुलबसिया रेलवे साइडिंग के पास एक हाइवा जला दिया था। घटना के बाद अपराधियों ने पर्चा फेंककर घटना की ज़िम्मेदारी भी ली थी। अपराधियों ने कुछ कोयला व्यापारियों को धमकी भी दी थी । अनुमान लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने कोयला व्यवसाय से रंगदारी वसूलने के इरादे से दहशत फैलाने के लिए इस तरह की घटना को अंजाम दिया होगा।फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

बता दें कि पिछले कुछ महीनों में लातेहार पुलिस द्वारा अपराधियों और नक्सलियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई के कारण जिले में आपराधिक घटनाओं में काफी कमी आई थी। पुलिस ने पिछले कुछ महीनों में कई अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा था।लेकिन पिछले दो-तीन दिनों में एक बार फिर अपराधी सक्रिय हो गए हैं।तीन दिनों के अंदर दो अलग-अलग कोल साइडिंग क्षेत्रों में हाइवा में आग लगाकर अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश शुरू कर दी है।घटना के बाद लोगों में भी दहशत बढ़ती जा रही है।

error: Content is protected !!