पलामू पुलिस ने तिहरे हत्याकांड में शामिल दो आरोपी को किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के आसेहर के कुसड़ी गांव में अंधविश्वास में हुए तिहरे हत्याकांड के दो आरोपियों को पलामू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपियों में रविंद्र भुईयां और प्रमोद भुईयां शामिल है। दोनों आरोपी सहोदर भाई हैं।एसपी ने बताया कि एक फरवरी को पलामू के पांकी थाना क्षेत्र के आसेहर के कुसड़ी गांव में अंधविश्वास में विजय भुईयां, उनकी पत्नी हेवंती देवी और उनके बेटे छोटू कुमार की टांगी एवं धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। जबकि हमले में विजय भुईयां की बहू और पोती गंभीर रूप से जख्मी हो गई थीं।
पुलिस के अनुसार कुछ दिनों पूर्व कुसड़ी गांव में महेशी भुईयां नामक व्यक्ति की बीमारी से मौत हुई थी।मौत के बाद महेशी के बेटों ने विजय भुईयां के परिवार पर हमला किया था और तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। विजय भुईयां की पोती के फर्द बयान पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी।घटना के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी।
एसपी ने बताया कि आरोपी रविंद्र भुईयां को उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया, जबकि प्रमोद भुईयां को पांकी थाना क्षेत्र के इमली चौक से गिरफ्तार किया गया।प्रमोद भुईयां भागने की फिराक में था। एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि अंधविश्वास में ट्रिपल मर्डर की घटना को अंजाम दिया गया था।पुलिस ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।एसपी ने बताया कि मृतक की पोती का दंडाधिकारी की मौजूदगी में फर्द बयान लिया गया था।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल टांगी और चाकू को बरामद कर लिया है।एसपी ने बताया कि महेशी भुईयां 62 वर्ष के थे और उनकी सामान्य मौत हुई थी, लेकिन आरोपियों को शक था कि जादू-टोना के कारण महेशी की मौत हुई है। उसी शक में आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया।छापेमारी में एसडीपीओ मनोज कुमार झा, इंस्पेक्टर जीतराम महली, सब इंस्पेक्टर रबीन्द्र राहुल साय, आशुतोष रजक और रबीन्द्र कुमार शामिल थे।

