पलामू:बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या करने का प्रयास,बुजुर्ग की दिलेरी ने बचाई जान, एक अपराधी गिरफ्तार…

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के रेडमा में एक बुजुर्ग की गोली मार कर हत्या करने का प्रयास किया गया है। 72 वर्षीय बुजुर्ग मुरारी तिवारी ने बहादुरी और समझदारी से अपनी जान बचाई।पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद किया है और एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरारी तिवारी अपनी स्कूटी से दूध लाने के लिए निकले थे।दूध लेने के बाद वह वापस घर लौट रहे थे। इसी क्रम में एक बाइक से दो अपराधी मौके पर पहुंचे थे और पता पूछने के बहाने उन्हें रोका। पता पूछने के दौरान एक अपराधी बाइक से उतरा और मुरारी तिवारी पर पिस्टल तान दिया। यहां मुरारी तिवारी ने खुद को बचाने के लिए अपराधी को धक्का दे दिया।जिसके बाद अपराधी और पिस्टल कुछ दूर जाकर गिर गया।

इस क्रम में मुरारी तिवारी भी गिर गएम गिरने के बाद मुरारी तिवारी उठकर भागने का प्रयास करने लगे। लेकिन अपराधी गिरने के बाद उठा और दोबारा मुरारी तिवारी का पीछा कर गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन दूसरी बार पिस्टल से फायरिंग नहीं हुई।पिस्टल का मैगजीन पहले ही गिर गया था। इस कारण बुजुर्ग की जान बच गई।

इसके बाद मुरारी तिवारी ने शोर मचाना शुरू कर दिया था।शोर सुनने के बाद परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और रेकी कर रहे एक आरोपी को पकड़ लिया।वहीं मौके से पिस्टल का एक मैगजीन बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपी रौशन मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के जेलहाता का रहने वाला है।

इस संबंध में मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया दो अपराधियों ने बुजुर्ग को गोली मारने का प्रयास किया था, दोनों अपराधी फरार हैं। मौके पर रेकी कर रहे एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपने फरार साथियों के नाम और पता बताया है।पुलिस मामले में आगे की छानबीन कर रही है और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।