दुमका में छेड़खानी का विरोध करने पर चाकूबाजी,एक युवक की मौत, लड़की सहित दो घायल…
दुमका। झारखण्ड की उपराजधानी दुमका से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है।जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के पथरिया के पास हुई चाकूबाजी की घटना में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक किशोर और एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।यह घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।तीनों की उम्र करीब 16 से 17 साल का बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम जामा थाना क्षेत्र के तातलोई मेला से दो किशोर डेविड और लखींद्र एक किशोरी के साथ बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ थाना क्षेत्र के पथरिया के पास बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक को रोका।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने किशोरी को जबरन बाइक से उतारने की कोशिश की। इसका विरोध लखींद्र और डेविड ने किया, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने तीनों पर चाकू से हमला कर दिया।इस हमले में किशोरी समेत दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद देर रात तीनों घायलों को इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टरों ने लखींद्र को मृत घोषित कर दिया,जबकि किशोरी और डेविड का इलाज अस्पताल में जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ विजय कुमार महतो फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ले रहे है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से परहेज कर रही है।

