पलामू से गायब एक करोड़ की हथिनी बिहार के छपरा से बरामद…27 लाख में महावत ने किया सौदा, शरीर में लगी चिप के जरिए मिला लोकेशन
पलामू।झारखण्ड के पलामू से चोरी हुई एक करोड़ की हथिनी को पुलिस ने बिहार के छपरा जिले के अमनौर से बरामद कर लिया है। यह हथिनी अमनौर के पहाड़पुर निवासी गोरख सिंह को 27 लाख रुपए में बेची गई थी।हथिनी की चोरी की शिकायत उसके असली मालिक, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी नरेंद्र कुमार शुक्ला ने 12 सितंबर को पलामू सदर थाना में दर्ज कराई थी।हथिनी में लगी चिप के जरिए उसकी लोकेशन का सुराग मिला, जिसके बाद वह एक घर के बरामदे में बंधी हुई मिली।
मामले की शुरुआत 11 अगस्त से हुई, जब नरेंद्र कुमार शुक्ला जोरकट इलाके में अपने महावत और हथिनी से मिले थे। लेकिन 13 अगस्त को दोबारा लौटने पर महावत हथिनी समेत गायब था।काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई पता नहीं चला तो उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई। इसके बावजूद शुक्ला ने खुद हथिनी की तलाश जारी रखी।
उन्होंने उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार के नेपाल बॉर्डर और छपरा तक खोजबीन की। आखिरकार हथिनी की जानकारी मिलने पर उन्होंने पलामू पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पलामू पुलिस की टीम छपरा पहुंची। स्थानीय थाना व वन विभाग के सहयोग से हथिनी को बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि महावत ने मालिक के परिचितों के साथ मिलकर हथिनी का सौदा गुपचुप तरीके से कर दिया था।
थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि फिलहाल, हथनी ‘जयमति’ को विधिवत जब्त कर लिया गया है। गोरख सिंह उर्फ अभिमन्यु को ही जिम्मेनामा (कस्टडी बॉन्ड) पर सौंपा गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

