गढ़वा में कुख्यात खुस्तर अंसारी ने किया सरेंडर, पशु तस्करी मामले में भेजा गया जेल
गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा ज़िले के धुरकी थाने के खाला गांव निवासी कुख्यात अपराधी खुस्तर अंसारी ने रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह के कार्यालय में आत्मसमर्पण किया, जिसे पुलिस ने सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।इसकी जानकारी देते हुए एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने बताया कि गत दो फरवरी की रात पशु तस्करों द्वारा हथियार के बल पर पशु लोड वाहन को छुड़ाने का प्रयास किया गया था तथा हथियार भी लहराया गया था।
इस मामले में धुरकी थाना में खुस्तर अंसारी व फैजुल्ला अंसारी दोनों पिता अहमद अंसारी, एखलाक अंसारी पिता सर्फुद्दीन अंसारी व सहमत अंसारी पिता मो हुसैन अंसारी सभी ग्राम खाला के विरुद्ध मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में पुअनि सुभाष कांत अकेला, शेखर कुमार सिंह, सअनि जुबैर अहमद, एमन कंडुलना, हवलदार सहबान अंसारी, आरक्षी नंद देव सिंह, नागेंद्र पासवान, मो इशरार, विनोद कुमार राम, नंदकुमार मेहता व वीरेंद्र प्रसाद का एक टीम गठित की गई।
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण कुख्यात अपराधी खुस्तर अंसारी मेरे कार्यालय में आत्म समर्पण कर एक प्लास्टिक का पिस्टल प्रस्तुत किया।तत्पश्चात धुरकी थाना प्रभारी द्वारा अभियुक्त खुस्तर अंसारी को गिरफ्तार किया गया तथा प्लास्टिक का पिस्टल को जब्ती सूची बनाकर जब्त किया गया। पूछताछ के दौरान खुस्तर ने बताया कि एक देशी पिस्टल घटनास्थल के पास ही छुपा कर रखे हैं।खुस्तर के निशानदेही पर घटना स्थल से देशी पिस्टल बरामद किया गया। जांच करने पर पाया गया कि उसके मैगजीन में दो जिंदा गोली लोड है। इस संदर्भ में खुस्तर के विरुद्ध धुरकी थाना में मामला दर्ज किया गया है।
बताते चलें कि पशु तस्करी रोकने पर खुस्तर अंसारी ने ग्रामीणों पर पिस्तौल तान दिया था। जिसका वीडियो तेजी से इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। जानकारी के अनुसार झारखण्ड-उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे धुरकी थाना क्षेत्र के रास्ते रात में पिकअप वाहन पर पशुओं की तस्करी की जा रही थी।
सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने वाहन रोककर पुलिस को सूचना दिया। पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्करों ने फोन कर मौके पर खुस्तर को बुला लिया। खुस्तर को पहुंचते ही स्थिति तनाव पूर्ण हो गई थी। कहासुनी के बीच अचानक खुस्तर पिस्तौल निकाल ग्रामीणों की ओर तान दिया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जान का खतरा देख ग्रामीण पीछे हट गए और अपराधी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
मौके पर पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी जनार्दन राउत, श्री बंशीधर नगर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सहित छापेमारी दल के सभी पदाधिकारी व पुलिस कर्मी उपस्थित थे।

