धनबाद खदान हादसा: रेस्क्यू अभियान के लिए पहुंची एनडीआरएफ की टीम, अब तक निकाले जा चुके हैं तीन शव,तीन की तलाश जारी..

 

धनबाद।झारखण्ड के बीसीसीएल एरिया 4 के अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में हुए खदान हादसे के बाद अब एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है।फिलहाल एनडीआरफ की टीम घटना स्थल का मुआयना कर रही है और बचाव कार्य कैसे शुरू किया जाए इसका मुआयना कर रही है।

जिस जगह ये हादसा हुआ है वह काफी खतरनाक इलाका है।यहां खदान में फिसलन का खतरा बना हुआ है।सैकड़ों फीट नीचे खाई के अंदर उतरने में एनडीआरएफ की टीम को परेशानी उठानी पड़ सकती है। पत्थरों और चट्टानों के टुकड़े नीचे गिर सकते हैं। जिसके कारण एनडीआरएफ की टीम को भी खतरा हो सकता है।जिसे लेकर एनडीआरएफ की टीम खदान का मुआयना कर रही है।

बीसीसीएल एरिया 4 के अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में संचालित अंबे आउटसोर्सिंग में शुक्रवार को बड़ा खदान हादसा हुआ था।ओबी धंसने से सर्विस वाहन समेत 6 मजदूर सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गए।वैन गहरी खाई के भरे पानी में पूरी तरह से डूब गई।बीसीसीएल की रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीन शवों को बाहर निकाल लिया है।बाकी की तलाश जारी हैम

जो शव बाहर निकाले गए हैं, उसकी पहचान आउटसोर्सिंग कर्मी अमन कुमार, स्वरूप गोप और अमित भगत के रूप में हुई हैमलापता कर्मियों की खोजबीन के लिए एनडीआरएफ टीम को बुलाई गई है। जहां लापता कर्मियों की तलाश की जा रही है।

इधर, घटना को लेकर बीसीसीएल के अधिकारी कुछ भी बोलने से इनकार कर रहें हैं। हालांकि रेस्क्यू खत्म होने के बाद बीसीसीएल के द्वारा एक टीम गठित करने की बात कही जा रही है।गठित टीम घटना की जांच करेगी। घटना के बाद भी इस जगह पर लगातार लैंड स्लाइडिंग हो रही है। जिसके चलते लोगों को वहां जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।मौके पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की टीम तैनात है।

घटना के बाद सांसद ढुल्लू महतो मौके पर पहुंचे थे, बीजेपी सांसद ने 6 लोगों की मौत की बात कही है और घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं, यूनियन नेताओं का कहना है कि खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के नियमों का उल्लंघन कर कोयले का उत्खनन किया जा रहा है, जिसके कारण यह हादसा हुआ है। अगर इस हादसे से सबक नहीं लेते हैं तो आगे भी ऐसी घटना देखने को मिलेगी।घटना को लेकर लोगों में बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश है। सीओ बाघमारा गिरिजानंद किस्कू और कतरास थाना प्रभारी असित कुमार लगातार घटनास्थल का मुआयना कर रहें हैं।

error: Content is protected !!