लातेहार:मुठभेड़ में मारे गए नक्सली मनीष यादव 14 जवानों का हत्यारा था…
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले में जिस माओवादी नक्सली मनीष यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर किया है,वह 14 पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोपी था।मुठभेड़ के बाद सोमवार को पलामू आईजी सुनील भास्कर, डीआईजी वाईएस रमेश, एसपी कुमार गौरव ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता किया।अधिकारियों ने इस दौरान बताया कि मुठभेड़ में मारा गया नक्सली मनीष यादव वर्ष 2013 में कटिया जंगल में पुलिस पर हमला करने का अभियुक्त था। इस घटना में 10 सुरक्षा बल के जवानों की मौत हो गई थी।वहीं चंदवा थाना क्षेत्र में पुलिस बल पर हमला कर चार पुलिसकर्मियों की हत्याकांड में भी मनीष यादव और गिरफ्तार कुंदन खरवार शामिल था। रविवार की रात लातेहार जिले के दौना गांव के पास हुई पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में नक्सली मनीष यादव मारा गया। जबकि 10 लाख का इनामी माओवादी जोनल कमांडर कुंदन खरवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि नक्सलियों की गतिविधियों पर पुलिस अपनी निगाह बनाए हुई थी। रविवार को मिली सटीक सूचना पर लातेहार एसपी के द्वारा सही समय पर कार्रवाई की गई।जिसमें पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।उन्होंने कहा कि अब जो भी नक्सली बचे हैं, उनके पास एक ही रास्ता है कि अब पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दें और अपनी बची हुई जिंदगी अपने परिवार के साथ खुशहाली में बिताएं। नहीं तो पुलिस के द्वारा अब इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, डीआईजी वाईएस रमेश ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सली 5 लाख का इनामी मनीष पर कुल 40 नक्सली हिंसा के मामले दर्ज हैं।जबकि 10 लाख का इनामी कुंदन खरवार पर 27 मामले दर्ज हैं।उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में कटिया जंगल में सुरक्षा बलों पर हमला करने की घटना में दोनों नक्सली शामिल थे।इस घटना में 10 सुरक्षाबल के जवान शहीद हो गए थे, जबकि 15 जवान घायल हो गए थे।इसी घटना में नक्सलियों ने जवानों के पेट में बम प्लांट किया था।इसके अलावा वर्ष 2019 में चंदवा थाना क्षेत्र में पुलिस बल पर हमला करने की घटना में भी दोनों नक्सली शामिल थे। इस घटना में चार पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।इसके अलावे विभिन्न नक्सली हिंसा, नक्सली हत्या समेत अन्य मामलों में उक्त नक्सली शामिल थे।
इधर, प्रेस वार्ता में एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों का दस्ता कुंदन खरवार और मनीष यादव के नेतृत्व में नीचे दौना गांव के पास आया हुआ है।सूचना के बाद पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी आरंभ कर दी। रात 1:30 बजे के करीब नक्सलियों को भनक लगी कि पुलिस की टीम वहां पहुंच गई है तो नक्सली फायरिंग करते हुए भागने लगे।
जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की।इसी दौरान पुलिस को चकमा देकर भाग रहे कुंदन खरवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस की सहायता के लिए अन्य सुरक्षाबलों को भी भेजा गया।सोमवार की सुबह जब सर्च अभियान चलाया गया तो नक्सली मनीष यादव का शव बरामद हुआ।उन्होंने बताया कि नक्सलियों के पास से दो एक्स 95 राइफल भी बरामद किया गया है जो सुरक्षा बलों से 2013 में लूटा गया था। उन्होंने बताया कि पूरे इलाके में पुलिस के द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है।