मैगजीन हाउस के गार्ड की हत्या,परिजनों ने चालक पर लगाया हत्या करने का आरोप,जांच में जुटी है पुलिस…
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नवादा गांव में स्थित एक मैगजीन हाउस में 65 वर्षीय गार्ड कैला दास की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मैगजीन हाउस की वैन को क्षतिग्रस्त कर दिया।घटना बुधवार की रात की है। कैला दास करमा पर्व मनाने के बाद मैगजीन हाउस में ड्यूटी पर गए थे। रात करीब 10 बजे मैगजीन हाउस का चालक श्याम कुमार वहां पहुंचा। उसने कैला दास को कई बार आवाज लगाई। जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने कैला दास के मोबाइल पर कॉल किया।
कैला दास का फोन घर पर ही रह गया था। फोन उनकी छोटी बहू ललिता देवी ने उठाया। श्याम ने गुस्से में गाली-गलौज करते हुए कहा कि इतनी देर से आवाज दे रहा हूं,लेकिन गेट क्यों नहीं खोल रहे हैं। रात ज्यादा होने और मैगजीन हाउस दूर होने के कारण परिवार वाले वहां नहीं गए।
अगली सुबह कंपनी के सुपरवाइजर का फोन आया। कैला दास के बेटे जब मैगजीन हाउस पहुंचे तो देखा कि उनके पिता की मौत हो चुकी थी। परिवार का आरोप है कि श्याम कुमार ने गुस्से में आकर कैला दास की हत्या कर दी।वहीं, घटना की सूचना मिलते ही नवलशाही थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेते हुए मामले की छानबीन में जुट गए। शव को देखने से यह साफ प्रतीत होता है कि वृद्ध की ईंट से कूच कर हत्या की गई है। बताते चलें कि घटना के बाद से विस्फोटक वैन का चालक वैन को लेकर फरार है। पुलिस द्वारा लगातार उसकी छानबीन की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों द्वारा वहां काम करने वाले चालक के ऊपर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। चालक का मोबाइल फोन ऑफ है। उसकी खोजबीन की जा रही है। चालक के गिरफ्तार होने पर ही मामले का खुलासा हो पाएगा।
इधर वहां मौजूद मैगजीन हाउस के अन्य गार्ड के अनुसार, रात करीब 11 से 12 बजे के बीच श्याम मैगजीन हाउस पहुंचा और गेट खोलने के लिए आवाज लगाई। इस दौरान कैलाश को नींद लग गई होगी। इसलिए अंदर से कोई जवाब नहीं मिल रहा था। इधर, श्याम लगातार गेट खोलने की आवाज लगा रहा था और गेट पीट रहा था।काफी देर बाद जब कैलाश की नींद खुली तो उसने गेट खोला। वहां मौजूद लोगों का कहना है कि इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसे वहां मौजूद अन्य लोगों ने शांत करा दिया और सभी सोने चले गए। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान मौका पाकर श्याम ने कैलाश दास के साथ मारपीट कर उनकी हत्या कर दी और मैगजीन हाउस का वाहन लेकर वहां से फरार हो गया।घटनास्थल से ईंट के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

