माँ-बेटे की घर में मिली लाश:बंद घर से आ रही थी दुर्गंध,आंगन में पड़ी थी माँ की लाश,चौकी पर मिला बेटे का शव
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के प्रधानखंता पंचायत स्थित चरकी डूंगरी टोला में शनिवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक ही घर से मां और बेटे के सड़े-गले शव बरामद हुए। दोनों कई दिनों से घर से बाहर नहीं निकले थे। जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी, तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर देख सभी दंग रह गए।
थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घर का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर 52 वर्षीय नोमो गोराई का शव आंगन में पड़ा था, जबकि 32 वर्षीय कालीपद गोराई का शव अंदर चौकी पर मिला। दोनों शव कई दिनों पुराने होने के कारण सड़ चुके थे और पूरे मोहल्ले में दुर्गंध फैल गई थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, कालीपद गोराई कुछ समय से बीमार चल रहा था। वह अविवाहित था और सब्जी बेचने का काम करता था। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी के कारण उसकी मौत हो गई होगी और बेटे की मौत का सदमा मां नोमो गोराई बर्दाश्त नहीं कर पाईं, जिससे उनकी भी मौत हो गई। परिवार की स्थिति बेहद साधारण बताई जा रही है।
बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने बताया कि घर का मुख्य और पिछला दरवाजा दोनों अंदर से बंद थे। ऐसे में हत्या की संभावना कम लगती है। फिर भी पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

