राँची पुलिस के हत्थे चढ़ा प्रेमिका के साथ मोस्ट वांटेड सोहेल खान, पिस्तौल और कारतूस बरामद
राँची।झारखण्ड के पलामू और गढ़वा के मोस्ट वांटेड अपराधी सोहेल खान को राँची पुलिस ने धर दबोचा है।उसके पास से एक देसी पिस्टल मैगजीन और 80 हजार रु नगद बरामद हुए हैं। सोहेल मूल रूप से गढ़वा थाना के उजरी मोहल्ला का निवासी है। उसके खिलाफ रंगदारी, छिनतई और एन०डी०पी०एस० के कई कांड दर्ज हैं।वह कई बार जेल जा चुका है।
गिरफ्तारी के वक्त उसकी कार में राजस्थान की 20 वर्षीय युवती नंदिनी सांगत मौजूद थी।उसको भी न्यायिक हिरासत भेजा गया है।गिरफ्तार युवती राजस्थान में धौलपुर जिला के कोलारी थाना क्षेत्र स्थित बरा गांव की रहने वाली है।
पुलिस के अनुसार,राँची के ग्रामीण एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि काले रंग की कार में एक महिला और एक पुरुष अवैध हथियार लेकर राँची से कुड़ू की ओर किसी घटना को अंजाम देने के लिए लिए जा रहे हैं। इस आधार पर खलारी के डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने चान्हो थाना क्षेत्र के सोस गांव से थोड़ी दूर साजिद कार वॉशिंग सेंटर के पास संदिग्ध गाड़ियों की चेकिंग शुरू कर दी।
इसी बीच काले रंग की क्रेटा कार आ पहुंची।उसको जब रोकने की कोशिश की गई तो चालक भागने की कोशिश करने लगा लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।यह जानकारी ग्रामीण एसपी के ऑफिस से प्रेस रिलीज जारी कर दी गई है।

