हजारीबाग:केरेडारी के बेलतू में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में झड़प,पथराव में पुलिसकर्मी समेत कई हुए चोटिल,मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात…
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलतू ग्राम में सरस्वती पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान शनिवार को भारी हंगामा हो गया।विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प और पथराव में तब्दील हो गया।इस घटना में कई स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी चोटिल हुए हैं।मौके पर डीसी और एसपी सहित कई अधिकारी पहुँचे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीण सरस्वती माता की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जा रहे थे।इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे।झड़प की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन उग्र भीड़ ने उन पर भी पथराव कर दिया। इस हमले में कुछ पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को चोटें आई हैं।घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर कैंप कर रहे हैं।

