राँची सेंट्रल जेल में अवैध वसूली को लेकर बड़ी कार्रवाई:जेल सुपरीटेंडेंट व जेलर को शोकॉज, दो कर्मी बर्खास्त और आधा दर्जन सस्पेंड..

 

राँची।राँची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में अनियमितता और अवैध वसूली की शिकायत के बाद जेल सुपरीटेंडेंट (जेल अधीक्षक) और जेलर को शोकॉज किया गया है। वहीं, आधा दर्जन कर्मचारियों को सस्पेंड और दो संविदा कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं, जेल के चर्चित हेड वार्डन अवधेश सिंह को भी जेल आईजी ने निलंबित किया है। जेल आईजी को शिकायत मिली थी कि यहां बंद कैदियों से मिलने आने वाले मुलाकातियों से अवैध तरीके से पैसों की वसूली की जाती है। इसके बाद एक जांच टीम गठन किया गया था। इस टीम की ओर से सौंपी गई जांच रिपोर्ट के आधार पर जेल आईजी ने जेल कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

इससे पूर्व जेल में मुलाकातियों से वसूली का वीडियो वायरल हुआ था। जेल आईजी के आदेश पर संविदा कर्मचारियों पूर्व सैनिक मिटकू उरांव और विश्वनाथ को बर्खास्त कर दिया गया है। जांच में यह बात सामने आई है कि हेड वार्डन अवधेश कुमार ने मॉनिटरिंग में लापरवाही बरती। जिस दिन का वीडियो वायरल हुआ था, उस दिन कैदियों से मुलाकाती के प्रभार में जेल कर्मचारी निरल टोप्पो थे। ऐसे में उन्हे निलंबित कर विभागीय कार्रवाई चलाने का आदेश दिया गया है। रिजर्व हेड वार्डन विनोद कुमार पर भी विभागीय कार्रवाई चलाने व क्लर्क प्रमिला कुमारी को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई चलाने का आदेश दिया गया है।

error: Content is protected !!