जामताड़ा:संकट मोचन सेवा समिति ने हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया,वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की..
जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संकट मोचन सेवा समिति, मुरलीपहाड़ी की ओर से रविवार सुबह हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोहामोड़ (पांडेडीह) के समीप आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान समिति के सदस्यों ने सुबह 8 बजे से सड़क पर आने-जाने वाले दोपहिया वाहन चालकों को रोककर हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर लोगों को कार्डबोर्ड पर लिखे जागरूकता संदेश दिखाए गए तथा वाहन चालकों को फूल-माला पहनाकर और हेलमेट उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
समिति के संचालक संतोष मंडल ने बताया कि सड़क दुर्घटना केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करती है। दुर्घटना के बाद परिवार को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई बार दुर्घटनाओं में होने वाले नुकसान की भरपाई संभव नहीं होती है, इसलिए सभी लोगों को वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने यह भी अपील की कि दोपहिया वाहन ही नहीं बल्कि किसी भी वाहन को चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और शराब सेवन कर वाहन न चलाएं। इससे न केवल अपनी बल्कि दूसरों की भी सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
अभियान के दौरान समिति के सदस्यों ने लोगों से स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ दूसरों को भी सुरक्षित रखने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले साथियों का नाम दिलीप सिंह, संदीप पांडेय,अजय यादव, आकाश रजक ,दिलीप पंडित,जावेद अंसारी,मिथुन शर्मा,मुकेश यादव,बिमल मंडल ,संतोष मंडल आदि लोग उपस्थित थे

