जामताड़ा पुलिस ने 6 साइबर अपराधी को किया गिरफ्तार…देशभर में फर्जी कस्टमर केयर नंबर से करते थे ठगी…

 

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा पुलिस ने छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों ने लैपटॉप का उपयोग कर करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम दिया था। जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता ने बुधवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी और पुलिस निरीक्षक अमित कुमार राम के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था।

इस टीम ने जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कजरा से शिमला जाने वाली पक्की सड़क के किनारे, पदमडीह गांव के आकसिया में लिप्टिस के पेड़ों के पास एक जंगल से सभी छह अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान उज्जवल कुमार शाही, राजेंद्र मंडल, राज किशोर शाही, अजीत कुमार मंडल, अमित कुमार शाही और कुंदन कुमार मंडल के रूप में हुई है। ये सभी कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने इन अपराधियों के पास से 13 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड, चार मोटरसाइकिल और एक लैपटॉप बरामद किया है। बरामद लैपटॉप में करोड़ों रुपए की ठगी का राज छिपा होने का अनुमान है। एसपी ने बताया कि उज्जवल कुमार शाही इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड है और वह पहले कभी साइबर अपराध में पकड़ा नहीं गया था।

इन अपराधियों ने अब तक दो करोड़ रुपए से अधिक की ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस इन अपराधियों को एक बार फिर रिमांड पर लेगी। उनसे आगे की पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी और लैपटॉप से और सुराग निकालने का प्रयास किया जाएगा।

error: Content is protected !!