चाईबासा में अपराधियों ने युवक को घर के बाहर गोली मारकर की हत्या….जांच में जुटी है पुलिस
चाईबासा।झारखण्ड के चाईबासा में अज्ञात अपराधियों ने घर के बाहर फायरिंग करके एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना चाईबासा के बड़ा नीमडीह न्यू कॉलोनी की है। रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने सुमित यादव नाम के युवक को घर से बाहर बुलाकर सिर में गोली मार दी। परिजन उसे चाईबासा सदर अस्पताल से जमशेदपुर ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
एसडीपीओ बहामन टूटी के मुताबिक रविवार रात सुमित यादव अपने घर में था।अज्ञात अपराधियों ने उसे घर के बाहर आवाज देकर बुलाया और उसके सिर में गोली मार दी।गोली की आवाज सुनते ही मोहल्ले के लोग बाहर आए तो सभी ने देखा कि सुमित, सड़क पर खून से लथपथ पड़ा था।जिसके बाद घायल सुमित यादव को परिजन और मोहल्ले के लोग, चाईबासा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी स्थिति को गंभीर समझते हुए, इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ बहामन टूटी और थाना प्रभारी तरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने लोगों से पूछताछ की, मामले की जांच में जुट गई।
एसडीपीओ ने बताया कि घटना को लेकर जांच की जा रही है और संदिग्धों की पहचान करने में पुलिस जुटी है।इसके साथ ही मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
हालांकि पुलिस अब तक अपराधियों की पहचान नहीं कर सकी है। जब तक अपराधियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर लेती तब तक सुमित यादव पर हमले के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाएगी।

