24 घंटे में उड़ा दूंगा… झारखण्ड के दो मंत्रियों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी,पुलिस युवक की तलाश में जुटी
राँची।खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले एक युवक ने झारखण्ड सरकार के दो मंत्रियों को जान से मारने की धमकी दी है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को यह धमकी युवक ने एक वीडियो के जरिए दी है, जिसे सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। गिरिडीह का निवासी बताया जा रहा यह युवक। वीडियो में 24 घंटे के भीतर दोनों नेताओं को उड़ाने की बात कर रहा है।इस वीडियो के सामने आने के बाद झारखण्ड पुलिस को इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वीडियो में युवक दावा कर रहा है कि कुछ लोगों द्वारा उसके साथ की गई मारपीट और धमकी के कारण वह यह कदम उठा रहा है। उसने यह भी कहा कि उसने अपने परिवार से संबंध तोड़ लिए हैं और इस धमकी की जिम्मेदारी उसी की होगी।
युवक का कहना है कि यह मामला जमीन और धर्म दोनों से जुड़ा है। वीडियो में युवक की पहचान और उसके दावों की पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है। हाई प्रोफाइल नाम जुड़े होने से इस आपराधिक धमकी पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसके पीछे की असली वजह युवक की गिरफ्तारी के बाद ही मालूम चल पाएगा। वीडियो में युवक का गुस्सा इरफान अंसारी पर ज्यादा दिख रहा है, वजह निजी बता रहा है, जिसे वह सार्वजनिक तौर पर शेयर नहीं करने की बात कर रहा है।
गिरिडीह के कुछ पत्रकार के अनुसार, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। धमकी देनेवाला गिरिडीह का ही है। विश्नोई गिरोह से कनेक्शन की भी जांच हो रही है। धमकी देने वाला युवक अंकित कुमार मिश्रा गिरिडीह के बाभनटोली झगरी का रहने वाला बताया जा रहा है। युवक ने स्वयं यह वीडियो बिहार के जमुई से जारी कराया है। जारी वीडियो में कहा है कि नगर विकास मंत्री के कुछ लोगों ने जमीन के मामले में उसकी पिटाई की थी। वह केवल तब शांत होगा, जब उससे माफी मांगी जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री से दुश्मनी व्यक्तिगत कारणों से बताई गई।
इस मामले में गिरिडीह सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से इस प्रकार की धमकी देने का मामला संज्ञान में आया है। पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर झारखण्ड सरकार के दो मंत्रियों को जान से मारने की धमकी के वायरल वीडियो के बाद मंत्री सुदिव्य सोनू ने अपनी प्रतिक्रिया दी।वे बुधवार को एक निजी कार्यक्रम में कोडरमा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि शुभचिंतकों द्वारा उन्हें इस वीडियो के बारे में जानकारी मिली है।हालांकि इस वीडियो के बारे में उन्हें ज्यादा कुछ जानकारी नहीं है। पुलिस का काम है कि वीडियो की सत्यता की जांच करें कि वीडियो फेक है या फिर यह AI द्वारा बनाया गया है।

