सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट, सीआरपीएफ का डॉग शहीद…एक जवान घायल,सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ धमाका..
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में शनिवार को नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान एक आईईडी धमाका हुआ। इस विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक प्रशिक्षित डॉग शहीद हो गया, जबकि उसका हैंडलर जवान घायल हो गया। यह घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र के जंगल इलाके में हुई।
सूत्रों के अनुसार, सीआरपीएफ और झारखण्ड पुलिस की संयुक्त टीम जंगल में कॉम्बिंग ऑपरेशन कर रही थी। अभियान के दौरान टीम उस क्षेत्र में पहुंची, जहां नक्सलियों ने पहले से आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगा रखा था। डॉग स्क्वॉड के विस्फोटक क्षेत्र में प्रवेश करते ही धमाका हो गया, जिससे डॉग की मौके पर ही मौत हो गई और उसका हैंडलर घायल हो गया।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट की आवाज सुनी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी जवान सुरक्षित हैं और विस्तृत जांच के बाद ही पूरा विवरण सामने आएगा।
विस्फोट के बाद आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बम निरोधक दस्ता (BDDS) और फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया है ताकि विस्फोटक के प्रकार और सक्रियता के तरीके का परीक्षण किया जा सके। पुलिस को आशंका है कि नक्सलियों ने क्षेत्र में और भी आईईडी लगाए हो सकते हैं, जिसके मद्देनजर सघन तलाशी अभियान जारी है।
उल्लेखनीय है कि सारंडा क्षेत्र नक्सलियों की गतिविधियों का एक पुराना केंद्र रहा है। हाल के दिनों में इस इलाके में नक्सलियों की हलचल बढ़ी है, जिसके बाद सुरक्षा बलों की तैनाती और सर्च अभियान तेज किए गए हैं। नक्सली अक्सर सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने या उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए ऐसे विस्फोट करते हैं।

