मिनटों में धू-धू कर जल गई हुंडई कार…बेटे को टाटानगर स्टेशन छोड़ने पहुंचे थे यात्री, कार पूरी तरह खाक…
जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले में टाटानगर स्टेशन के आउट गेट के पास शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक हुंडई जाज कार अचानक आग की तेज लपटों में घिर गई। गम्हरिया निवासी श्रीनिवास नायक अपने बेटे को दुरंतो एक्सप्रेस में बैठाने के लिए पत्नी और बेटे के साथ स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने कार आउट गेट के पास खड़ी की। इसी बीच कार में अचानक आग लग गई।कुछ ही मिनटों में आग ने उतना विकराल रूप ले लिया कि पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। स्टेशन परिसर के बाहर मौजूद लोगों ने जैसे ही कार से धुआं और लपटें उठते देखीं, वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपने-अपने वाहनों को हटाने में जुट गए।
जैसे ही आग का फैलाव बढ़ा, आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बाल्टी और बोतलों से पानी डालकर कार की आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उन प्रयासों का कोई असर नहीं हुआ। लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। कुछ देर बाद दमकलकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची।
कई मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। मौके पर जमा भीड़ का कहना था कि आग इतनी भयंकर थी कि अगर दमकल देर से पहुंचती, तो पास में खड़ी अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। स्टेशन के बाहर सुरक्षा कर्मियों ने भीड़ को दूर हटाकर सुरक्षित दूरी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार मालिक श्रीनिवास नायक जब सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक उनकी गाड़ी पूरी तरह से राख में तब्दील हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण संभवतः शॉर्ट सर्किट है। उन्होंने कहा कि वे अपने बेटे को ट्रेन में बैठाकर जैसे ही प्लेटफॉर्म पर आगे बढ़े, उन्हें किसी ने बताया कि उनकी कार में आग लग गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही बागबेड़ा पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट ही प्रतीत होता है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस और अग्निशमन विभाग ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।

