बच्चा चोरी के आरोप से आहत छात्रा ने कुएं में कूदकर दी जान,जांच में जुटी है पुलिस..

 

खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र के जापुत बांधटोली गांव में एक किशोरी द्वारा कुएं में कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 16 वर्षीय गरिमा भेंगरा के रूप में हुई है, जिसने हाल ही में मैट्रिक की परीक्षा दी थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार गरिमा भेंगरा पर गांव के ही एक बच्चे को चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया गया था। परिजनों का कहना है कि इसी आरोप से आहत होकर वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।

बताया जाता है कि गांव के सानिका भेंगरा अपनी पत्नी से अलग रहता है और उनका एक बच्चा सानिका के पास ही रहता है।सानिका की पत्नी ने गरिमा से अपने बच्चे को एक बार मिलाने का आग्रह किया था, क्योंकि वह उससे मिलना चाहती थी। 10 मार्च को गरिमा बच्चे को उसकी मां से मिलवाने के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान बच्चे की दादी और पिता सानिका भेंगरा ने उस पर बच्चे को चोरी करने का आरोप लगा दिया। इस मामले को लेकर गांव में बैठक भी बुलाई गई, जहां भी गरिमा पर आरोप लगाए गए। परिजनों के मुताबिक इस घटना के बाद से वह काफी तनाव में रहने लगी थी।शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद गरिमा घर से निकली, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। शनिवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के ही एक कुएं में उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही तोरपा थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इधर, परिजनों ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने बताया कि परिजनों की ओर से थाना में आवेदन दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि गरिमा भेंगरा के कुएं से शव मिलने के बाद उसके परिजनों की ओर से थाना में आवेदन दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!