हजारीबाग में होटल और कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग,लाखों का नुकसान…

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग शहर के दिपुगढ़ा सिंचाई कॉलोनी के समीप गुरुवार की अहले सुबह एक बड़ी आगजनी की घटना हुई है।यहां एक ही बिल्डिंग में संचालित पार्क व्यू होटल एंड रेस्टोरेंट और अन्वी वस्त्रालय एंड ड्रेसेस में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीब 70-80 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग के नीचे तल्ले में अन्वी वस्त्रालय एंड ड्रेसेस कपड़ा दुकान संचालित थी, जबकि ऊपरी तल्ले में पार्क व्यू होटल एंड रेस्टोरेंट चलता था।गुरुवार की अहले सुबह करीब तीन बजे स्थानीय लोगों ने बिल्डिंग से उठता धुआं देखा।देखते ही देखते आग की लपटें पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लीं।

स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाये अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां और कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।इस हादस में होटल संचालक विकास कुमार यादव को लगभग 20 लाख रुपये और कपड़ा दुकान के ऑनर अजीत कुमार मेहता को करीब 50-60 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है। अजीत कुमार मेहता ने घटना को लेकर अग्निशमन विभाग को लिखित आवेदन भी दिया है।

अजीत कुमार ने इस संबंध में बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है।रात में किसी भी प्रकार की विद्युत गड़बड़ी या शॉर्ट सर्किट की जानकारी नहीं मिली थी।फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर अग्निशमन विभाग समय पर नहीं पहुंचता, तो आग आसपास के अन्य मकानों में भी फैल सकती थी।समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

error: Content is protected !!