बोकारो में लगी भीषण आग…कई दुकानें जलकर खाक,डीसी ने दिए जांच के आदेश

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के सेक्टर 4 थाना अंतर्गत मार्केट में मंगलवार की देर रात भीषण आग लग गई।जिससे आधा दर्जन फुटपाथ दुकान जलकर खाक हो गई।आग की घटना से पूरे मार्केट में अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार देर रात दुकान में रखे घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थी।जिस दुकान में आग लगी, उससे सटे सैकड़ों दुकानें हैं।इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ है।

जिला प्रशासन ने सेक्टर-4 सिटी सेंटर स्थित चिकन चिल्ली दुकान में लगी आग की घटना को अत्यंत गंभीर माना है।घटना के तुरंत बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने चास एसडीएम प्रांजल ढ़ांडा को मजिस्ट्रेट स्तर पर जांच के आदेश दिए हैं।उनके निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि आग कैसे लगी, किसकी लापरवाही रही और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था इन सभी बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की जाए। उपायुक्त ने यह भी आदेश दिया कि बीएसएल नगर प्रशासन और संबंधित विभागों की भूमिका की भी जांच की जाए। जिसमें यह देखा जाएगा कि क्या नियमित निरीक्षण, अनुमति प्रक्रिया और सुरक्षा अनुपालन को लेकर कहीं कोई चूक तो नहीं हुई है।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि यह घटना जनता की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है।इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी और प्रशासनिक दोनों स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अग्निशमन पदाधिकारी भगवान ओझा ने बताया कि हमलोग को जैसे ही घटना की सूचना मिली तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया।

error: Content is protected !!