गोली मारने के बाद भी देता रहा धमकी, एयरपोर्ट थाने में दर्ज प्राथमिकी में खुलासा…
-रेस्टोरेंट में फायरिंग के बाद गैंगेस्टर प्रिंस खान ने ऑडियो मैसेज भेजकर मांगी रंगदारी, नहीं देने पर जान से मारने की धमकी
राँची।राजधानी राँची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित लोधमा में रेस्टोरेंट में घुसकर फायरिंग और स्टाफ की हत्या के मामले में दर्ज प्राथमिकी में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। प्राथमिकी के अनुसार गोलीबारी की घटना के बाद भी गैंगेस्टर लगातार धमकी देता रहा और रंगदारी की मांग करता रहा।
लोधमा निवासी रेस्टोरेंट संचालक राजकुमार गोप द्वारा एयरपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया गया है कि 7 मार्च की रात करीब 8:25 बजे एक युवक हेलमेट पहनकर उनके द टिटोज रेस्टोरेंट में घुसा और काउंटर पर बैठे प्रबंधक छोटू गोप पर पिस्टल से गोली चला दी। छोटू गोप झुक गए, जिससे वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद हमलावर ने वहां मौजूद स्टाफ मनीष गोप को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी कई राउंड फायरिंग करते हुए बाहर भाग निकला और बाहर पहले से चालू हालत में खड़ी मोटरसाइकिल पर अपने साथी के साथ बैठकर कुटियातु चौक की ओर फरार हो गया। घायल मनीष गोप को तत्काल इलाज के लिए राज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राथमिकी में यह भी बताया गया है कि घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद रात 10:05 बजे गैंगेस्टर प्रिंस खान ने एक मोबाइल नंबर से रेस्टोरेंट के स्टाफ छोटू यादव और अन्य लोगों के मोबाइल पर लगातार ऑडियो मैसेज भेजे। इन मैसेज के जरिए रंगदारी की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित का कहना है कि हमलावर को रेस्टोरेंट में मौजूद स्टाफ और ग्राहक पर्याप्त रोशनी में देख चुके हैं, इसलिए उसकी पहचान की जा सकती है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

