हजारीबाग की युवती की मुंबई में मौत, पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार,6 महीने पहले शादी हुई थी…

 

हजारीबाग।छह माह पूर्व चौपारण के बसरिया में ब्याही गई नव विवाहिता वर्षा कुमारी की संदेहास्पद परिस्थितियों में मुंबई में मौत हो गई है।हालांकि मायका पक्ष के लोगों ने बेटी की हत्या का आरोप उसके पति मनीष कुमार दांगी पर लगाया है।

परिजनों के अनुसार घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है।परिजनों का कहना है कि वर्षा ने घटना के एक घंटा पूर्व रविवार की रात को पिता को फोन कर जानकारी दी थी कि उसका पति उसके साथ बुरी तरह से मारपीट करता है।वर्षा के पिता राजेश प्रसाद मेहता हैं और मूल रूप से इचाक जमुआरी के रहने वाले हैं।हजारीबाग में राजेश न्यू एरिया स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में रहते हैं।

वहीं मंगलवार को शव मुंबई से हजारीबाग लाया गया।शव घर पहुंचते ही पूरा गांव चीत्कार से गूंज उठा।शव का अंतिम संस्कार गांव के ही मुक्तिधाम में किया गया।मुखाग्नि दादा रामेश्वर मेहता ने दी।राजेश मेहता की चार बेटी और एक बेटा है।वर्षा चार बेटियों में दूसरे स्थान पर थी और वह अन्नदा कॉलेज में बी कॉम सेमेस्टर 4 की छात्रा थी। उसकी शादी 11 मार्च 2024 को चौपारण थाना क्षेत्र के बसरिया गांव निवासी दयानन्द दांगी के पुत्र मनीष दांगी से की गई थी।

परिजनों का आरोप है कि मनीष ने अपने आपको सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताकर शादी की थी। वर्षा के सेमेस्टर 4 की परीक्षा के बाद दो माह पहले वह अपने साथ वर्षा को मुंबई ले गया था, लेकिन वहां जाते ही मनीष का भेद खुल गया।उसने पैसों के लिए वर्षा पर अत्याचार करना शुरू कर दिया।जिसके बाद वर्षा के पिता ने 50 हजार रुपये ऑनलाइन भेज दिया। बावजूद इसके वर्षा पर अत्याचार कम नहीं हुआ।

परिजनों का कहना है कि रविवार को वर्षा ने रोते हुए अपने साथ हो रहे अत्याचार और मारपीट की घटना से अवगत कराया था। उसने यह भी कहा था कि मनीष ने कई बार उसकी जान भी लेनी कोशिश की है। घटना को लेकर राजेश मेहता ने मुंबई के संबंधित थाने में मामला दर्ज कराया है। राजेश मेहता के बयान पर आरोपी पति मनीष कुमार दांगी उर्फ मनीष वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।