हजारीबाग:फर्जी एसीबी पदाधिकारी बनकर कर रहे थे वसूली,चार गिरफ्तार

 

हजारीबाग।झारखण्ड हजारीबाग जिले में खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का पदाधिकारी बताकर ग्रामीणों से पैसे ऐंठने वाले चार आरोपियों को हजारीबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से डुप्लीकेट आईकार्ड, चार जोड़े जूते और नंबर प्लेट पर एंटी करप्शन ब्यूरो लिखा एक वाहन जब्त किया है। इसकी जानकारी एएसपी अमित आनंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

गिरफ्तार आरोपियों में हजारीबाग के खिरगांव निवासी नंदुवीर राम, बोकारो जिला के गोमिया थाना क्षेत्र निवासी महेश कुमार पासवान, चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के द्ववारी निवासी अयोध्या नारायण पासवान, हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिलवार निवासी धनेश्वर राम शामिल है।

हजारीबाग के एएसपी अमित आनंद ने बताया कि शिकायत मिली थी कि 9 सितंबर 2025 की शाम जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के ग्राम डांटो खुर्द में चार पहिया वाहन में सवार चार व्यक्ति खुद को एसीबी का अधिकारी बताकर दो मेडिकल स्टोर में छापेमारी की बात कहकर लाइसेंस चेक करने के नाम पर दुकानदारों से 10-10 हजार रुपये की वसूली कर रहे थे।आरोपियों ने फॉर्मल कपड़े पहने रखे थे, गले में नकली पहचान पत्र और पुलिस की तरह पैरों में लाल जूते थे। साथ ही आरोपियों की गाड़ी पर एंटी करप्शन ब्यूरो का बोर्ड भी लगा हुआ था।

ग्रामीणों को शक होने पर उन्होंने वाहन को रोक कर कटकमसांडी थाना को सूचना दी।जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपियों से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मौके से चारपहिया वाहन, फर्जी बोर्ड, चार नकली आईडी कार्ड, चार जोड़ी जूते, एक मुहर और 2500 रुपये नगद बरामद किए हैं।

एएसपी ने बताया कि पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। कहा कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

error: Content is protected !!