लॉरेंस बिश्नोई के शार्प शूटर परमानंद यादव का पटना में हाफ एनकाउंटर, 3 दर्जन मामले हैं दर्ज

 

पटना।बिहार के पटना जिले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात अपराधी परमानंद यादव का हाफ एनकाउंटर हुआ है। घटना मसौढ़ी थाना क्षेत्र के एनएच-22 के लाला बीघा के पास की है। यहां लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात अपराधी परमानंद यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एनकाउंटर में अपराधी के पैर में गोली लगी है। इसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। परमानंद यादव के पास से पिस्टल और कई गोलियां बरामद की गई हैं।

बताया जाता है कि परमानंद यादव झारखण्ड के लातेहार जिले का रहने वाला है। उस पर हत्या, रंगदारी और लूट के तीन दर्जन मामले दर्ज हैं। पटना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिश्नोई गैंग का यह कुख्यात शूटर मसौढ़ी की ओर भाग रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान लाला बीघा के पास बाइक से भागते समय अपराधी असंतुलित होकर गिर पड़ा। खुद को घिरता देख परमानंद यादव ने पुलिस टीम पर पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इसमें अपराधी परमानंद यादव के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पटना पुलिस ने बेऊर इलाके से कुछ अपराधियों को गिरफ्तार किया था, जिनकी निशानदेही पर परमानंद यादव की लोकेशन मिली थी। इसी के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पिस्टल और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

एसपी ईस्ट परिचय कुमार ने बताया कि ‘गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी। अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।घटना अहले सुबह करीब साढ़े चार बजे की। फिलहाल आरोपी गिरफ्तार है और इलाज चल रहा है।’ फिलहाल पुलिस बिश्नोई गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

error: Content is protected !!