कोडरमा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने एक युवक को 40 लाख नगद के साथ पकड़ा,जांच जारी..
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एक युवक को 40 लाख कैश के साथ पकड़ा गया। जीआरपी इंचार्ज उपेंद्र कुमार को सूचना मिली कि एक आदमी कोडरमा से कोलकाता (पश्चिम बंगाल) ट्रेन से बड़ी रकम कैश लेकर जा रहा है। सूचना को वेरिफाई करने के लिए जीआरपी टीम ने कोडरमा स्टेशन के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर चेकिंग शुरू की।इसी बीच, प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एक युवक बैग के साथ खड़ा मिला।
शक होने पर जब उसके बैग की तलाशी लेने के लिए कहा गया, तो युवक ने मना कर दिया।इसके बाद युवक और उसके बैग को पूछताछ के लिए जीआरपी पोस्ट लाया गया।उसके बैग से ₹40 लाख कैश बरामद हुए।
युवक की पहचान 19 साल के अमित कुमार के रूप में हुई है, जो जमुई के सिकंदरा का रहने वाला है।पूछताछ में उसने बताया कि वह सोने-चांदी का व्यापारी है और शॉपिंग के लिए कोलकाता पैसे ले जा रहा था।जीआरपी ने उससे पैसे से जुड़े डॉक्यूमेंट्स दिखाने को कहा।उसने इसके लिए कोई डॉक्यूमेंट्स नहीं दिखाए।
जीआरपी इंचार्ज उपेंद्र कुमार ने बताया कि मजिस्ट्रेट के सामने उक्त पैसे की सीजर लिस्ट तैयार की जाएगी और अमित कुमार को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को सौंप दिया जाएगा। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम को इस बारे में बता दिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक से जब डॉक्यूमेंट्स दिखाने के लिए कहा गया तो वह लगातार अपना बयान बदल रहा है। उसने डॉक्यूमेंट्स दिखाने के लिए जीआरपी से एक दिन का समय मांगा था, लेकिन अब उसका कहना है कि वह कैश में सोने-चांदी का काम करता है, इसलिए उसके पास डॉक्यूमेंट्स नहीं हैं।

