गोपाल खेमका हत्याकांड; बिल्डर अशोक साह गिरफ्तार, 3.5 लाख की सुपारी दी थी…पुलिस ने एक अपराधी को एनकाउंटर में किया ढेर
पटना।बिहार के कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या बिल्डर अशोक साव ने कराई थी। दोनों के बीच कारोबार को लेकर विवाद था।हत्या के लिए अशोक साह ने शूटर उमेश को हायर किया था। उमेश ने ही गोपाल खेमका को 4 जुलाई को घर के गेट पर गोली मारी थी।पुलिस ने सोमवार को बिल्डर अशोक साव, शूटर उमेश और गन सप्लायर विकास को गिरफ्तार किया। पुलिस विकास से गन रिकवर करने के लिए उसे पटना सिटी के मालसलाम इलाके में लेकर पहुंची थी।इसी दौरान विकास उर्फ राजा ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया। एनकाउंटर सोमवार की रात पौने तीन बजे हुआ।
पुलिस मामले को लेकर रात भर छापेमारी कर रही थी।पुलिस के मुताबिक, देर रात पौने तीन बजे यह एनकाउंटर हुआ है। मालसलामी थाना से करीब 2 किलोमीटर दूर पीर दमरिया घाट के पास पुलिस और अपराधी में मुठभेड़ हुई। जिसमें पुलिस ने कुख्यात अपराधी विकास उर्फ राजा (29 वर्ष) ढेर हो गया। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने एनकाउंटर और कुख्यात राजा के ढेर होने की पुष्टि की है। हालांकि, सोमवार को डीजीपी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही थी।ऐसे में आगे पुलिस की ओर से क्या कुछ कार्रवाई होती है।यह देखना होगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद पटना सिटी SDPO-2, SP और SSP मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से 1 पिस्टल, गोली और खोखा बरामद किया गया है।विकास उर्फ राजा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया गया है।
इससे पहले 7 जुलाई (सोमवार) को पुलिस ने शूटर उमेश उर्फ विजय को मालसलामी इलाके से ही गिरफ्तार किया था। उसने बताया कि साढ़े तीन लाख में खेमका के मर्डर की सुपारी दी गई थी। 3 लाख रुपए एडवांस मिला था। पुलिस ने गंगा किनारे के इलाके से हथियार भी बरामद कर लिया है। उमेश राय दिल्ली में विजय के नाम से रहता था।
SIT की टीम जब उमेश के घर पहुंची, तब वह बच्चे को लेने स्कूल गया था। इसी बीच पुलिस ने उसे दबोच लिया।वह घर से कम ही निकल रहा था। उसके पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक, इसके बाद घर से पिस्टल, 80 कारतूस, दो मोबाइल और तीन लाख कैश बरामद किया गया है।
इसे गिरफ्तार करने के बाद पटना जंक्शन से भी पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। उमेश की निशानदेही पर गोपाल खेमका मर्डर केस में कोतवाली थाना इलाके के उदयगिरी अपार्टमेंट में पुलिस और STF ने रेड की है। यहां से 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है।उदयगिरि अपार्टमेंट के B ब्लॉक का फ्लैट नंबर 601 केके झुनझुनवाला का है। वो मुंबई में रहते हैं। इस फ्लैट में पिछले 2 साल से अशोक साह (70) रह रहा था।
साह मूल रूप से नालंदा जिले के बिहारशरीफ का रहने वाला है। इससे पहले वो लोहे का कारोबार करता था। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। बेटी-दामाद फतुहा में रहते हैं। दामाद बड़े गल्ला कारोबारी हैं। बेटा पुणे में रहता है।
सूत्रों का कहना है कि इस घटना से पहले ही उसने बाइक का नंबर हटा दिया था। CCTV के फुटेज को पुलिस ने डेवलप किया तब उसकी पहचान हुई। पहचान होने के बाद उसका सुराग लगाने में पुलिस जुट गई। सूत्रों का कहना है कि उमेश एक MLC का भी करीबी है।

