गोवा नाइट क्लब हादसा:दो सगे भाई प्रदीप-विनोद और मोहित का पार्थिव शरीर एयरलिफ्ट कर राँची लाए गए, एयरपोर्ट पर चीख-पुकार,तीनों शवों को एम्बुलेंस से गांव भेजा…
राँची।गोवा के नाइट क्लब में गैस सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग में झारखण्ड के तीन युवकों की मौत ने पूरे राज्य को शोक में डुबो दिया है।हादसा शनिवार देर रात हुआ, जिसमें लगभग 25 लोगों की जान चली गई। सोमवार दोपहर झारखण्ड के तीनों मृतकों के पार्थिव शरीर एयरलिफ्ट कर राँची लाए गए। जैसे ही शव एयरपोर्ट पहुंचे, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।पूरे एयरपोर्ट परिसर में मातम छा गया और कई लोग वहीं बेहोश होकर गिर पड़े।मृतकों में राँची जिला के लापुंग प्रखंड स्थित फतेहपुर गांव के दो सगे भाई प्रदीप महतो (24) और विनोद महतो (22) शामिल हैं। दोनों धनेश्वर महतो के बेटे थे। तीसरे मृतक मोहित मुंडा (22), खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर गांव के रहने वाले थे। तीनों गोवा के एक रेस्टोरेंट में शेफ और कुकिंग स्टाफ के रूप में काम कर रहे थे।परिजनों के अनुसार, तीनों कुछ महीने पहले ही रोजगार के लिए गोवा गए थे और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का सपना देख रहे थे।
राँची एयरपोर्ट पर परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित भी पहुंचे।इसी दौरान कई सामाजिक कार्यकर्ता सहित अन्य लोग भी एयरपोर्ट पहुंचे और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी
प्रदीप और विनोद के चाचा नारायण महतो ने रोते हुए बताया, “मेरे दोनों भतीजे एक साथ चले गए। वे परिवार को संभालने के लिए बाहर गए थे, लेकिन आज उनका शव घर आ रहा है।हमें सुबह हादसे की जानकारी मिली। गांव में भी हर कोई सदमे में है।” इसी तरह मोहित मुंडा के परिजन भी एयरपोर्ट पर बेसुध रोते दिखे।
राँची एयरपोर्ट से तीनों पार्थिव शरीर एंबुलेंस से उनके गांव भेज दिए गए,जहां हजारों लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं। फतेहपुर और गोविंदपुर गांवों में मातम पसरा है और परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। यह घटना तीन युवा सपनों को निगल गई और पूरे झारखण्ड में शोक की लहर है।
गोवा पुलिस के अनुसार, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी में फायर सेफ्टी नियमों की गंभीर अनदेखी की बात सामने आ रही है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाइट क्लब में आपातकालीन निकास पर्याप्त नहीं थे और आग फैलने के बाद लोग बाहर नहीं निकल पाए। गोवा के मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।वहीं राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है।

