जतरा से घर लौट रही दो नाबालिग बहनों से सामूहिक दुष्कर्म,तीन आरोपी गिरफ्तार,अन्य की तलाश जारी…
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में दो नाबालिग सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना बीते शुक्रवार रात आताकोरा गांव स्थित पतरा में हुई।जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें सिसई थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हैं। इनमें से एक की उम्र 16 वर्ष और दूसरी की 14 वर्ष है। दोनों बहनें सिसई थाना क्षेत्र के जायरा गांव में लगने वाला जतरा देखने आई थीं। शाम होने पर वे अपने रिश्तेदार के घर आताकोरा गांव पैदल जा रही थीं। तभी पीछे से स्कूटी पर एक युवक आया और उन्हें गांव पहुंचाने की बात कहकर स्कूटी पर बैठा लिया।
अंधेरा होने पर युवक ने आताकोरा गांव स्थित पतरा के पास स्कूटी रोक दी और अपने दोस्तों को बुलाया। इसके बाद कई युवकों ने मिलकर दोनों नाबालिग बहनों के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद, दोनों बहनें अपने रिश्तेदारों की मदद से घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी जानकारी दी। अगले दिन सुबह पीड़िता की माँ ने भरनो थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, गुमला एसपी ने तत्काल एक टीम का गठन किया। इस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सामूहिक दुष्कर्म की इस घटना में कुल 5 से 6 आरोपी शामिल थे।
भरनो पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार तीनों आरोपियों को गुमला जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में भरनो थाना क्षेत्र के आताकोरा गांव निवासी 19 वर्षीय विश्वास उरांव, डाडकेशा, सरना टोली गांव निवासी 21 वर्षीय बीरबल उरांव और डाडकेशा, अम्बा टोली गांव निवासी 19 वर्षीय प्रकाश उरांव शामिल हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

