ग्रामीण इलाके में घुसा गजराज,मचा हड़कंप…वन विभाग में जारी किया अलर्ट
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिला में हुसैनाबाद इलाके में बिहार से एक जंगली हाथी घुस आया है। बिहार के नबीनगर के इलाके से जंगली हाथी पलामू के हुसैनाबाद के एकौनी गांव के रास्ते से घुसा है।इस दौरान हाथी ने कई झुग्गी-झोपड़ी और ईंट भट्ठा को भारी नुकसान पहुंचाया है।जंगली हाथी के यहां घुसने के बाद पलामू वन विभाग की टीम ने हाई अलर्ट जारी किया है। हुसैनाबाद इलाके में मोहम्मदगंज छतरपुर और पाटन के इलाके के वनकर्मी एवं होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है।सभी हाथी के रूट पर निगरानी रख रहे हैं और उसे सुरक्षित इलाके में भेजने की कोशिश कर रहे हैं।
पलामू डीएफओ सत्यम कुमार ने बताया कि जंगली हाथी के आने को लेकर इलाके में हाई अलर्ट जारी किया गया है और ग्रामीणों से सावधान रहने की अपील की गई है।ग्रामीणों को रात में खास ध्यान रखने को कहा गया कि वो घर से बाहर निकलने के बाद सावधान रहे। डीएफओ ने बताया कि वन कर्मी और होम गार्ड के जवानों को इलाके में तैनात किया गया है। वे खुद इलाके में रवाना हो गए हैं।
दरअसल प्रत्येक दो से तीन वर्ष में जंगली हाथी बिहार के इलाके से हुसैनाबाद में दाखिल होते हैं। ये हाथी हुसैनाबाद से हैदरनगर, मोहम्मदगंज होते हुए गढ़वा के इलाके में दाखिल होते हैं। साल 2022-23 में भी जंगली हाथी का एक छोटा झुंड इस इलाके से गुजरा था और गढ़वा के इलाके में दाखिल हुआ।एक लंबे अरसे के बाद फिर से हाथी इसी रूट पर दाखिल हुआ है। हाथी के घुसने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में दहशत है। आशंका जताई जा रही है कि हाथी शहरी इलाकों में भी दाखिल हो सकता है।

