मोबाइल के लिए दोस्त की गर्दन में घोंप दी चाकू,मौके पर मौत.
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो में दर्दनाक घटना सामने आई है। बोकारो सिटी थाना क्षेत्र की कोटा कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर 25 वर्षीय रवि चौधरी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने रवि के गले में चाकू घोंपकर बाहर खींचा, जिससे उसकी सांस की नली कट गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने सहयोगियों के साथ गंभीर रूप से घायल रवि को को-ऑपरेटिव स्थित एक नर्सिंग होम के गेट पर छोड़कर फरार हो गया। वहां से रवि को एम्बुलेंस से बीजीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के बाद घटनास्थल पर आरोपी अमन झा का मोबाइल फोन गिर गया, जिससे उसकी पहचान हो गई। पुलिस दबिश को देखते हुए अमन ने कुछ देर बाद खुद को सिटी पुलिस के हवाले कर दिया।
ऐसे शुरू हुआ विवाद:
पुलिस के अनुसार रवि चौधरी और आरोपी स्कूली मित्र थे और आसपास की कॉलोनी में रहते थे। रवि चौधरी नोएडा में मोबाइल रिपेयरिंग कंपनी में काम करता था और कुछ दिन पहले छुट्टी पर घर आया था। विवाद की शुरुआत तब हुई जब रवि ने पड़ोस की एक बुजुर्ग महिला का मोबाइल ले लिया था। महिला की परेशानी जानकर अमन ने रवि पर दबाव डालकर मोबाइल वापस दिलवाया। इसी रंजिश में शुक्रवार दोपहर रवि अपने एक सहयोगी के साथ अमन पर डंडे से हमला करने पहुंचा। गुस्से में अमन घर से सब्जी काटने वाला चाकू लाकर रवि के गले में घोंप दिया।पूछताछ में अमन ने बताया कि वारदात के बाद उसने खून से सना चाकू बोकारो इस्पात संयंत्र की चहारदीवारी के अंदर झाड़ियों में फेंक दिया।मृतक के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। रवि डेढ़ साल के बच्चे का पिता था

