चतरा पुलिस के हत्थे चढ़ा चार तस्कर,50 लाख के ब्राउन शुगर और 10 लाख कैश बरामद,दो कार जब्त
चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 253 ग्राम ब्राउन शुगर और 9,99,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा, पुलिस ने तस्करों के कब्जे से दो कारें एक विटारा ब्रेजा और एक स्विफ्ट भी जब्त की हैं। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के रामटुंडा फुटबॉल मैदान में की गई, जहां तस्कर नशे की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे थे। इस सफल ऑपरेशन से नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, और पुलिस अब तस्करों के नेटवर्क और उनकी सप्लाई चेन की गहन जांच में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रमतुण्डा फुटबॉल मैदान में चारपहिया वाहनों के जरिए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। इस सूचना के आधार पर गिद्धौर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और चार तस्करों को मौके पर धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान जितेंद्र साहू (सिंघानी पत्थलगड्ढा), बहादुर दांगी, (गिद्धौर)प्रेमनाथ दांगी (गिद्धौर) व अनुज दांगी (गिद्धौर) के रूप में हुई है।

