तेज रफ़्तार कार ने खड़े ट्रक से टकराई….201 कोबरा बटालियन के 3 जवानों समेत चार लोगों की मौत…
पलामू। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ।इस हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 201 कोबरा बटालियन के तीन जवानों और एक सिविलियन ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। जिन जवानों की मौत हुई है उनमें से एक झारखण्ड का है।यह हादसा जगदलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-30) पर अर्जुनी थाना क्षेत्र के खपरी बाईपास के पास सुबह करीब 8 बजे हुआ।
पलामू के मुकेश कुमार..
जानकारी के अनुसार, 201 कोबरा बटालियन के चार जवान और एक सिविलियन ड्राइवर छुट्टी लेकर जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे, जहां से वे अपने गृह राज्यों के लिए रवाना होने वाले थे। तेज रफ्तार डिजायर कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के नीचे घुस गई और उसकी छत पूरी तरह उखड़ गई।कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।पुलिस और राहत दल ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर घायलों को बाहर निकाला। तीन जवानों और ड्राइवर की मौके पर या अस्पताल जाते समय मौत हो गई, जबकि एक जवान को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतकों में झारखण्ड के पलामू जिले के हैदरनगर प्रखंड अंतर्गत रानीदेवा गांव निवासी जवान मुकेश कुमार भी शामिल हैं। अन्य मृतकों में सौरभ तोमर, राजकुमार गोंड (या गौड़) और ड्राइवर हीरालाल नागर शामिल हैं। मुकेश कुमार की मौत की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई।परिजन रो-रोकर बुरा हाल हैं और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, तेज रफ्तार, ड्राइवर को झपकी आने या सड़क पर खड़े ट्रक के कारण यह दुर्घटना हुई।सीआरपीएफ के महानिदेशक ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और घायल जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

