राँची के तुपुदाना इलाके में दो जगहों पर गोली चलाने वाले पीएलएफआई के चार उग्रवादी खूंटी पुलिस के हत्थे चढ़ा…

 

खूंटी।झारखण्ड के खूंटी पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) को तगड़ा झटका दिया है।उसके 4 सदस्यों को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान खूंटी के मान्हू गांव निवासी पवन लोहरा, जमुआदाग निवासी विक्की लोहरा और अर्जुन लोहरा उर्फ ईश्वर उर्फ पेचा तथा बिरहू गांव निवासी अर्पित केरकेट्टा के रूप में हुई है।पुलिस ने राँची के तुपुदाना इलाके में हुए दो गोलीकांड का भी खुलासा किया है।गिरफ्तार अपराधियों ने तुपुदाना इलाके में दो जगहों पर गोली चलाई थी।पुलिस ने गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से एक देसी पिस्टल, 8 गोलियां, 2 लोडेड मैगजीन, एक चाकू, एक बाइक और एक स्कूटी बरामद की है।

इसकी जानकारी सोमवार को एसपी मनीष टोप्पो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दी।उन्होंने बताया कि खूंटी थाना क्षेत्र के बिरहू उरांव टोली स्थित सरकारी स्कूल के पास कुछ लोग हथियार के साथ किसी घटना को अंजाम देने के नीयत से इकट्ठा हुए थे।सूचना के आधार पर एक छापेमारी टीम ने छापेमारी कर सभी 4 आरोपियों को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने चारों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इन उग्रवादियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में खूंटी थाना प्रभारी मोहन कुमार, पुअनि सीताराम डांगी, मंटु कुमार, अरुण कुमार, मणि दीप, चंदन कुमार और सशस्त्र बल शामिल थे।

एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि पीएलएफआई का सदस्य होने के आरोप में जिन 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वे सिग्नल मोबाइल ऐप के माध्यम से पीएलएफआई के संपर्क में रहते थे।ऐप के माध्यम से ही वे पीएलएफआई के उग्रवादियों से बातचीत करते थे और उनसे निर्देश लेते थे।लेवी वसूलने और संगठन के नाम पर दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में कई अलग-अलग कांडों का उद्भेदन भी किया है।एसपी ने बताया कि विक्की लोहरा और पवन लोहरा राँची-खूंटी मेन रोड पर स्थित मेसर्स हिंदुस्तान टाईल्स नामक प्रतिष्ठान के बाहर धमकी भरा पत्र फेंकने और रंगदारी के उद्देश्य से गोली चलायी थी।

एसपी ने कहा कि तुपुदाना थाना क्षेत्र के पुगरू गांव में जमीन कारोबारी मंटू महतो के घर पर भी इन्होंने फायरिंग की थीम जमीन खरीदने पर उनसे रंगदारी मांगी थी। विक्की लोहरा ने सुखदेव नगर राँची से टीवीएस अपाची बाइक की चोरी की थी। पवन लोहरा पर छत्तीसगढ़ में भी 21 जनवरी को विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।

पीएलएफआई सदस्य विक्की लोहरा और पवन लोहरा का आपराधिक इतिहास रहा है।विक्की लोहरा पर नामकुम, राँची , धुर्वा, तुपुदाना और सुखदेवनगर थाने में मामला दर्ज है. पवन लोहरा पर छत्तीसगढ़ राज्य के बगीचा थाने, राँची के धुर्वा और नामकुम, खरसीदाग में भी मामला दर्ज है।

एसपी ने बताया कि एक अन्य मामले में पुलिस ने शहर के बाजार टांड़ से लोडेड पिस्तौल के साथ सागर मुंडा को गिरफ्तार किया है।एसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस को सूचना मिली थी कि हथियार लेकर आए तीन व्यक्ति बाजार टांड़ इलाके में हथियार का भय दिखाकर रंगदारी मांग रहे हैं।सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सागर मुंडा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो भागने में सफल रहे।

error: Content is protected !!