पूर्व मंत्री योगेंद्र साहू की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त..कई लोग घायल, दो टायर फटने से गाड़ी पलटी..
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड के जोरदाग गांव में सोमवार को पूर्व मंत्री योगेंद्र साहू की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में योगेंद्र साहू समेत गाड़ी में सवार सात लोगों को मामूली चोटें आईं। घटना धरना स्थल के पास हुई,जहां योगेंद्र साहू एनटीपीसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।बताया जा रहा है कि गाड़ी के दो टायर एक साथ फटने से यह दुर्घटना हुई। ग्रामीणों की मदद से गाड़ी को सीधा किया गया और घायलों को स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब पूर्व मंत्री योगेंद्र साहू केरेडारी प्रखंड के जोरदाग में कोल खनन कंपनी एनटीपीसी के खिलाफ पिछले लगभग एक महीने से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।फिलहाल, इस मामले में योगेंद्र साहू के परिवार के किसी सदस्य का कोई बयान नहीं आया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
योगेंद्र साहू बड़कागांव के पूर्व विधायक और झारखण्ड सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके हैं। वह एनटीपीसी के खिलाफ धरना दे रहे हैं। इस दौरान प्रशासन और एनटीपीसी अधिकारियों के साथ उनकी कई बार बहस भी हो चुकी है।

