गैंगस्टर की पत्नी सहित पांच अपराधी राँची पुलिस के हत्थे चढ़ा…झारखण्ड के दो कुख्यात अपराधियों के गिरोह में गठजोड़ का हुआ खुलासा,पाकिस्तान का भी लिंक आया सामने….

 

राँची।झारखण्ड में सक्रिय दो खतरनाक संगठित आपराधिक गैंग एक साथ काम कर रहे हैं। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान और गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के गिरोह एक साथ मिलकर झारखण्ड में अपराध की दुनिया में काम कर रहे हैं।बुधवार को राँची पुलिस के द्वारा यह सनसनीखेज खुलासा किया गया है।मामले में कार्रवाई करते हुए राँची पुलिस के द्वारा गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी (लेडी डॉन) रिया सिन्हा सहित पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

 

 

पुलिस के अनुसार,जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और विदेश से अपने गिरोह को संचालित कर रहे अपराधी प्रिंस खान ने एक दूसरे से हाथ मिला लिया है।वहीं जेल के बाहर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा इस खतरनाक गठजोड़ वाले गैंग को संभाल रही थी। राजधानी राँची में हाल के दिनों में जो भी रंगदारी के कॉल प्रिंस खान के नाम पर किए गए थे वह इस गठजोड़ का ही परिणाम था। यहां तक कि कोयलांचल शांति सेना को भी रिया सिन्हा के द्वारा संचालित किया जा रहा था। राँची के एसएसपी राकेश रंजन और उनकी टीम के द्वारा यह खुलासा किया गया है। मामले में कार्रवाई करते हुए राँची पुलिस के द्वारा सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया है।वहीं चार अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार अपराधियों में इनामुल हक उर्फ बबलु खान, रवि आनंद उर्फ सिंघा, मो० शाहिद उर्फ अफरीदी खान, मो० सेराज उर्फ मदन और सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा शामिल हैं। इनके पास से तीन पिस्टल, सात मैगजीन, 13 जिंदा गोली, एक टाटा सफारी कार, एक आईफोन और पांच एंड्रॉएड मोबाईल फोन बरामद किए गए हैं।

बुधवार को प्रेसवार्ता में राँची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गहराई से पूछताछ करने पर गिरफ्तार व्यक्तियों के द्वारा बताया गया कि अपराधी सुजीत सिन्हा तथा अपराधी प्रिंस खान गिरोह के पास हथियार और गोली पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से मोगा (पंजाब) के रास्ते आता है,उसी हथियार से राँची सहित देश के विभिन्न स्थानों पर बड़े-बड़े कारोबारियों, पूंजीपतियों एवं व्यवसायियों में दहशत फैलाकर रंगदारी की वसूली करते हैं।

बताया कि राँची में इनामुल हक उर्फ बबलु खान अपने गुर्गों के साथ मिलकर सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान के लिए लेवी वसूली का काम करते हैं।इन लोगों के द्वारा वसूली गयी राशि को सुजीत सिन्हा के गुर्गों की मदद से प्रिंस खान तक पहुंचाया जाता था, जिसे प्रिंस खान द्वारा यूएई के रास्ते पाकिस्तान भेज दिया जाता था। जिसका उपयोग अवैध हथियार की खरीदारी और अन्य अवैध कार्यों में पाकिस्तान में मौजूद उनके गुर्गों के द्वारा किया जाता है।

इस संबंध में सदर थाना (बी०आई०टी० मेसरा ओ०पी०) काण्ड संख्या 512/2025, दिनांक- 22.10.2025, धारा 111(3)/111 (4)/61 (2) भारतीय न्याय संहिता, 25(1-A)/25(1-B)a/25(6)/25(7)/26/35 आर्म्स एक्ट एवं 17/18/18(B)/20/21 U.A(P) Act. दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि राँची के डोरंडा थाना अंतर्गत सत्यभामा अपार्टमेंट के बाहर हुई हवाई फायरिंग के लिए हथियार इन लोगों के द्वारा ही दिया गया था।

error: Content is protected !!