गढ़वा में ट्रक और ऑटो में भीषण टक्कर,पांच मजदूरों की मौत,आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल…

 

पलामू।झारखण्ड के गढ़वा जिले में ट्रक और ऑटो में भीषण टक्कर से पांच मजदूरों की मौत हो गई।वहीं इस हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं।घटना नगरउंटारी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 75 पर घटी।सभी घायलों को इलाज के लिए गढ़वा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सड़क हादसे के शिकार सभी लोग नगरउंटारी थाना क्षेत्र के सीरिया तोमर गांव के रहने वाले हैं।मृतकों की पहचान दुद्धी महुली गांव के बिमलेश कुमार कनौजिया 42 वर्ष, अरुण भुइयां 30 वर्ष, बिकेश भुइयां 20 वर्ष, राजा कुमार 21 वर्ष और राजकुमार भुइयां 53 वर्ष के रूप में हुई है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सभी मजदूर काम के लिए राज्य से बाहर जा रहे थे।घटना देर रात करीब डेढ़ बजे की है।सभी आज सुबह शुक्रवार को नगरउंटारी रेलवे स्टेशन पर शक्तिपुंज एक्सप्रेस पकड़ने वाले थे। इसी क्रम में नेशनल हाईवे 75 पर पाल्हे में पुल के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने मजदूरों को लेकर जा रहे ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो कुछ दूर जाकर गिरा।

इधर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। सदर अस्पताल में डॉक्टर ने पांच मजदूरों को मृत घोषित कर दिया घटना की जानकारी मिलने के बाद मजदूरों के परिजन और शुभचिंतक मौके पर पहुंच गए हैं, वहीं गांव में कोहराम मचा हुआ है।घायल और मृतक सभी एक ही गांव के हैं और आपस में रिश्तेदार बताया जा रहा है।घायलों में सीरिया टोंगर, राम प्रसाद राम 35 वर्ष, छोटू लाला भुइयां 35 वर्ष, उमेश भुइयां 35 वर्ष, राकेश भुइयां 36, मेराज अंसारी 27 वर्ष और संजय भुइयां शामिल हैं।कई घायलों को रिम्स रेफर किया गया है।