हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार ससुर-दामाद की मौत,हाईवा ने दोनों को 100 मीटर तक घसीटा, पुलिस ने चालक को पकड़ा
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले में कोडरमा-जमुना मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के जलवाबाद के पास अपराह्न करीब तीन बजे हुई।मृतक की पहचान नवलशाही निवासी 62 वर्षीय दिनेश्वर ठाकुर और उनके दामाद गिरिडीह के चिलगा गांव निवासी 35 वर्षीय सचिन ठाकुर के रूप में की गई है।
घटना की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से नवलशाही तक पहुंची। इसके बाद दिनेश्वर ठाकुर के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के कपड़ों और बाइक से उनकी शिनाख्त की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिट्टी लदा एक हाइवा डोमचांच से कोडरमा की ओर आ रहा था। उसके पीछे से एक बाइक पर दिनेश्वर ठाकुर और सचिन ठाकुर भी कोडरमा की दिशा में जा रहे थे। नागरखारा के पास बाइक सवार ने हाइवा को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
इसी दौरान बाइक हाइवा की चपेट में आ गई और उसमें फंस गई। हाइवा ने बाइक और उस पर सवार दोनों लोगों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए जलवाबाद तक पहुंचा दिया। इस भीषण टक्कर से दोनों बाइक सवारों के शरीर के टुकड़े सड़क पर बिखर गए।
घटना की सूचना मिलने पर कोडरमा थाना के जवान मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। इधर, पुलिस ने हाइवा चालक और उपचालक को हिरासत में ले लिया है, साथ ही हाइवा को भी जब्त कर लिया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

