ट्रैक्टर पर चल रही थी नकली शराब फैक्ट्री…189 लीटर विदेशी शराब जब्त,शराब माफिया फरार
चतरा।चतरा जिले में उत्पाद विभाग ने एक अनोखी नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।जिले के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के कटैया गांव में की गई छापेमारी में एक ट्रैक्टर पर चल रही मिनी फैक्ट्री पकड़ी गई।मामले का मास्टर माइंड मुन्ना साव है। उसने पुलिस से बचने के लिए महिंद्रा ट्रैक्टर को चलती-फिरती फैक्ट्री में बदल दिया था। इस ट्रैक्टर पर स्प्रिट, कृत्रिम कैरेमल और एसेंस मिलाकर नकली शराब बनाई जा रही थी।छापेमारी में 504 बोतल यानी 189 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। साथ ही विभिन्न शराब कंपनियों के नकली लेबल, ढक्कन और पैकिंग सामग्री भी मिली। उत्पाद अधीक्षक के अनुसार, यह शराब दशहरा के दौरान बाजार में बेची जानी थी।मुन्ना साव एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। छापेमारी के दौरान वह और उसके साथी जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।यह कार्रवाई जिला उपायुक्त कीर्तिश्री के निर्देश पर की गई। उत्पाद विभाग अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है।

