गैंगस्टर चंदन मिश्रा के हत्यारोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़…STF की जवाबी फायरिंग में दो अपराधियों को लगी गोली…

 

 

पटना।बिहार की राजधानी पटना में पारस अस्पताल में अपराधी चंदन मिश्रा की हत्या मामले में पुलिस ने फिर से बड़ी कार्रवाई की है। आरा के बिहिया इलाके में अपराधी और स्पेशल टास्क फोर्स की टीम के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें पुलिस की गोली लगने दो अपराधी घायल हो गए हैं। पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि चंदन मिश्रा हत्याकांड के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम गई थी। बिहिया-कटेया पथ पर नदी के पास अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें दो अपराधियों को गोली लगी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस की गोली में बक्सर के लीलाधरपुर परसिया निवासी बलवंत कुमार सिंह (22) को हाथ-पैर और भोजपुर के बिहिया के चकरही गांव निवासी रवि रंजन कुमार सिंह को जांघ में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया है। दोनों का इलाज चल रहा है। अस्पताल के अंदर और बाहर कड़ी सुरक्षा है। इधर, पुलिस टीम को इनके पास से दो पिस्टल, एक कट्टा, मैगजीन भी बरामद हुए हैं। पुलिसिया पूछताछ में दोनों अपराधियों ने चंदन मिश्रा हत्याकांड में शामिल होने की बात भी स्वीकार की।

बता दें कि पटना पुलिस की टीम ने सोमवार को ही चंदन मिश्र हत्याकांड के मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बादशाह, नीशू खान, भीम और हर्ष को कोलकाता से पटना लाया था। पुलिस ने चारों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने तौसीफ के लिए 72 घंटे की रिमांड भी दे दी। वहीं नीशू समेत तीनों को जेल भेज दिया गया। इधर, पुलिसिया पूछताछ में तौसीफ ने अपना जुर्म कबूल किया और कहा कि बंगाल के पुरूलिया जेल में शेरू सिंह के इशारे पर ही चंदन मिश्रा की हत्या की गई।

जानकारी के अनुसार,ये दोनों शूटर पटना के चर्चित पारस हॉस्पिटल हत्याकांड के वक्त मौके पर मौजूद थे। सीसीटीवी फुटेज में ये अपराधी पांच शूटरों के ग्रुप में 3 नंबर और 4 नंबर के रूप में चिन्हित किए गए थे।इनमें एक का नाम रविरंजन सिंह और दूसरे का नाम बलवंत सिंह बताया जा रहा है।

बिहार पुलिस और STF की इस संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि इससे पहले भी चंदन मिश्रा हत्याकांड को लेकर पुलिस कई आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। माना जा रहा है कि इन दोनों की गिरफ्तारी से गैंगवार में शामिल अन्य अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

error: Content is protected !!